कोर्ट में बाबू के घर लाखों की चोरी, पत्नी भी वाणिज्यिक न्यायालय में मुंसिफ
अज्ञात चोर घर से पंद्रह तोला से ज्यादा सोन के आभूषण, दो किलो चांदी ले गए
जोधपुर, शहर के महामंदिर पावटा बी लक्ष्मी नगर में एक मकान में आज दिनदहाड़े चोरी हो गई। घर का मुखिया,बेटा और पत्नी कोर्ट में नौकरी करते हैं। तीनों सुबह ड्यूटी पर गए थे। शाम को लौटने पर चोरी का पता चला। इस पर महामंदिर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौका मुआयना कर अब जांच आरंभ की है। घर से लगभग दस लाख की चोरी हुई है। सोना-चांदी, हीरे, जवाहरात के आभूषण सहित दो किलो से ज्यादा चांदी पार हुई है। पुलिस अब आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज से चोरों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
पावटा बी रोड लक्ष्मी नगर के रहने वाले रणजीतमल लोढ़ा पुत्र मोतीमल लोढ़ा की तरफ से महामंदिर थाने में रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि वे और उनका पुत्र कोर्ट में टंकण पर कार्य करते हैं,उनकी पत्नी नीता लोढ़ा वाणिज्यिक न्यायालय संख्या 1 में मुंसिफ पद पर लगी हैं। शनिवार की सुबह पत्नी व बेटा ड्यूटी पर पहले चले गए थे। खुद रणजीत मल लोढ़ा सुबह 11 बजे घर से कोर्ट के लिए निकल गए। वे घर के दरवाजों कुंडियों पर ताला लगाकर गए। मगर वे अपना मोबाइल घर पर भूल गए। तब पौने बारह बजे फिर मोबाइल लेने घर लोटे और फिर दरवाजों व गेट पर ताला लगा लिया था।
शाम साढ़े छह बजे के आस पास उनकी पत्नी पहले घर पर पहुंची थी। तब बाहर से ताला लगा था। मगर भीतर से दरवाजे की चिटकनी बंद होने के साथ एक कमरे की लाइट जलती मिली। इस पर उनकी पत्नी ने रणजीतमल लोढा को इसकी जानकारी दी। तब पिता पुत्र दोनों घर पहुंचे। दरवाजा खोले जाने पर पूरे घर की लाइटें जल रही थी। एक कमरे की अलमारी टूटी हुई पड़ी होने के साथ ही सारा सामान अस्त व्यस्त पड़ा दिखा। घर में चोरी होने की जानकारी महामंदिर पुलिस को दी गई। अज्ञात चोर घर से लगभग 15 तोला सोने के हीरे, कुंदन, जवाहरात जडि़त गहनों के साथ चांदी की सिल्लयां,आधा किलो से ज्यादा बने बनाए आइटम आदि ले गए। अज्ञात चोरों द्वारा घर से लगभग दस लाख का सोना चांदी चुराया है।
दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन अभी डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews