जोधपुर मंडल ने की टिकट चेकिंग से 10 माह में रिकॉर्ड 9.77 करोड़ की वसूली

  • दस माह के दौरान सवा दो लाख मामले पकड़े,की वसूली
  • जनवरी में 18 हजार मामलों से 89 लाख 51 हजार रुपए अर्जित

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर मंडल ने की टिकट चेकिंग से 10 माह में रिकॉर्ड 9.77 करोड़ की वसूली। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने टिकट चेकिंग के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए चालू वित्त वर्ष 2025-26 के पहले 10 महीनों में 9 करोड़ 77 लाख रुपए का राजस्व वसूल कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह उपलब्धि न केवल पूर्व सभी आंकड़ों को पीछे छोड़ने वाली है,बल्कि निर्धारित लक्ष्य से भी 6 प्रतिशत अधिक है।

मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे सघन टिकट जांच अभियानों के परिणामस्वरूप जनवरी 2026 तक 2 लाख 26 हजार 269 मामलों से यह राजस्व अर्जित किया गया। लक्ष्य के मुकाबले 54 लाख 14 हजार रुपये अधिक वसूली कर जोधपुर मंडल ने वाणिज्यिक अनुशासन और प्रभावी निगरानी का नया मानक स्थापित किया है।

प्रमुख रेलखंडों पर चला व्यापक जांच अभियान
सघन टिकट जांच अभियान के तहत मेड़ता-डेगाना-फुलेरा- रतनगढ़,राईका बाग पैलेस-फलोदी- रामदेवरा-जैसलमेर-लूनी-पाली मारवाड़-मारवाड़ जंक्शन-समदड़ी- बाड़मेर-समदड़ी-भीलड़ी तथा मेड़ता-नागौर-बीकानेर रेलखंडों पर विशेष जांच की गई। इन प्रयासों से वाणिज्य शाखा अपने निर्धारित वार्षिक लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में बढ़ रही है।

जनवरी में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन
जोधपुर मंडल ने जनवरी में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 18 हजार 180 मामलों से 89 लाख 51 हजार रुपये का राजस्व अर्जित किया है। इसमें 40 लाख 11 हजार रुपये किराया तथा 49 लाख 33 हजार 700 रुपये जुर्माना शामिल है। गंदगी फैलाने के 1764 मामलों में लगभग दो लाख रुपये का अतिरिक्त जुर्माना वसूला गया।

रेल प्रशासन ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को टीम की सतर्कता, सतत निगरानी और प्रभावी रणनीति का परिणाम बताते हुए यात्रियों से अपील की है कि वे वैध टिकट लेकर यात्रा करें और स्वच्छता बनाए रखें।