जेएनवीयू पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विनोद भगासरा का निधन

जोधपुर(डीडीन्यूज),जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में 1997 में एनएसयूआई से छात्रसंघ अध्यक्ष रहे डॉ.विनोद भगासरा का आज रात आकस्मिक निधन हो गया। उन्हें करंट लग गया था। उनके निधन के समाचार सुनकर परिजनों व मित्रों में शोक की लहर छा गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विनोद भगासरा अपने घर पर बिजली का प्लग ठीक कर रहे थे,तभी वे करंट की चपेट में आ गए। उन्हें तुरंत पास के श्रीराम अस्पताल ले जाया गया लेकिन डाक्टरों ने उन्हें मृत बता दिया। पुलिस को सूचना मिलने पर महामंदिर पुलिस ने भगासरा की देह को एमडीएमएच की मोर्चरी में रखवाया।

भगासरा के निधन का समाचार सुनकर केन्द्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत देर रात अस्पताल पहुंचे। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष विनोद के निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में वर्तमान एवं पूर्व छात्रनेता अस्पताल पहुंच गए।

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट में लिखा- ‘ जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय,जोधपुर के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष श्री विनोद भगासरा के आकस्मिक निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने एवं इस दुख की घड़ी में परिजनों को हिम्मत देने की प्रार्थना करता हूं।’