नौ माह बाद फिर दौड़ी जन्मभूमि साप्ताहिक एक्सप्रेस

  • यात्रियों को मिली बड़ी राहत
  • कठुआ-माधोपुर सेक्शन में तकनीकी समस्या के कारण सितंबर 2025 से थी रद्द
  • 7 जून से फिर शुरू हुआ संचालन

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),नौ माह बाद फिर दौड़ी जन्मभूमि साप्ताहिक एक्सप्रेस। करीब नौ माह से बंद पड़ी भावनगर टर्मिनस- शहीद कप्तान तुषार महाजन-भावनगर टर्मिनस जन्मभूमि साप्ताहिक एक्सप्रेस का संचालन रेलवे ने पुनः बहाल कर दिया है। ट्रेन रविवार को भावनगर टर्मिनस से अपने पूर्व निर्धारित समयानुसार रवाना हुई और निर्धारित मार्ग पर संचालित हुई।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में कठुआ- माधोपुर (पंजाब) स्टेशनों के मध्य तकनीकी समस्या के कारण ट्रेन संख्या 19107/ 19108 भावनगर टर्मिनस- शहीद कप्तान तुषार महाजन- भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस को 1 सितंबर 2025 से रद्द कर दिया गया था। यह ट्रेन 31 मई 2026 तक निरस्त रही।

उन्होंने बताया कि 7 जून 2026 से ट्रेन का संचालन पुनः शुरू कर दिया गया है। वहीं ट्रेन संख्या 19108 शहीद कप्तान तुषार महाजन-भावनगर टर्मिनस साप्ताहिक एक्सप्रेस 8 जून से अपने निर्धारित समय और सभी निर्धारित ठहरावों के साथ संचालित होने लगी है।

उल्लेखनीय है कि यह ट्रेन प्रत्येक रविवार को भाव नगर टर्मिनस से तथा प्रत्येक सोमवार को शहीद कप्तान तुषार महाजन स्टेशन से रवाना होती है। ट्रेन विरमगाम,गांधीनगर कैपिटल,महेसाना,आबू रोड, जोधपुर,फलोदी,लालगढ़,बठिंडा,फिरोजपुर और जम्मूतवी होते हुए शहीद कप्तान तुषार महाजन स्टेशन तक जाती है।

रेलवे के अनुसार इस ट्रेन के पुनः संचालन से गुजरात,राजस्थान, पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा उपलब्ध होगी। विशेष रूप से जम्मू तवी क्षेत्र के यात्रियों को लंबे समय बाद इस महत्वपूर्ण सीधी रेल सेवा का लाभ मिल सकेगा।