स्टेशन पुनर्विकास के साथ यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश

जोधपुर रेलवे स्टेशन पर एसआईजी की बैठक

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),स्टेशन पुनर्विकास के साथ यात्री सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश। रेलवे स्टेशन पर सर्विस इम्प्रूवमेंट ग्रुप की मंगलवार को आयोजित बैठक में रेलवे स्टेशन के चल रहे पुनर्विकास कार्य के मद्देनजर मूलभूत यात्री सुविधाओं के उन्नयन एवं संरक्षण पर विशेष बल दिया गया।

अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण,स्वच्छता व्यवस्था, सुरक्षा उपायों तथा आधारभूत ढांचे के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान प्लेटफॉर्मों की साफ-सफाई,पेयजल,वेटिंग रूम, पार्किंग,प्रकाश व्यवस्था एवं टिकटिंग सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

40 अनाधिकृत वेंडरों पर 15 हजार रुपए जुर्माना

इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक ने विशेष रूप से लिफ्ट एवं एस्केलेटर के नियमित संचालन पर निगरानी रखने के सख्त निर्देश दिए और कहा कि इनमें किसी भी तकनीकी खराबी से बंद होने की सूचना पर तत्काल दुरुस्त करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी सुधार कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने एवं नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए ताकि यात्रियों को बेहतर एवं सुगम रेल सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

बैठक में सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने कहा कि जोधपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य प्रगति पर है। इसके मद्देनजर सुपरवाइजर्स इस बात का विशेष ध्यान रखें कि आवागमन करने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए टॉयलेट ब्लॉक व प्रतीक्षालयों में स्वच्छता,पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने,एसी,पंखों एवं कूलर की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर अनाधिकृत व्यक्तियों की रोकथाम हेतु टिकट चेकिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related posts: