Doordrishti News Logo

जोधपुर, भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने मंगलवार की देर शाम शेरगढ़ के सूचना सहायक को 20 हजार रूपयों की रिश्वत लिए जाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसके साथ एक बिचौलिया भी पकड़ा गया है। दोनों से अब पूछताछ की जा रही है। ईमित्र के आधार कार्ड बनाने वालों के 60 प्रतिशत कमीशन की मांग ईमित्र संचालक से की जा रही थी। एसीबी की टीम देर रात तक कार्रवाई में जुटी थी। ब्यूरो एएसपी दुर्गसिंह राजपुरोहित ने बताया कि शेरगढ़ निवासी हरीश चौधरी ने ब्यूरो की टोल फ्री नंबर 1064 पर एक शिकायत दर्ज करवाई थी। तब मुख्यालय के आदेश पर वह 17 जनवरी को ब्यूरो अधीक्षक कार्यालय पर आया। इस पर बताया कि वह शेरगढ़ में ईमित्र का संचालन करता है। मगर शेरगढ़ में आईटी केेंद्र पर लगे सूचना सहायक रविंद्र लखारा आधार कार्ड पर 60 प्रतिशत के हिसाब से कमीशन की मांग करता है और वह 23 हजार रूपए मांग रहा है। प्रति आधार कार्ड पर 60 रूपए मांगे जा रहे हैं।                                 ब्यूरो के एएसपी दुर्गसिंह राजपुरोहित ने बताया कि शिकायत सत्यापन के समय आरोपी को दो हजार रूपए बतौर दिए गए। बाकी रकम आज देना तय हुआ। इस पर शाम को ब्यूरो टीम ने शेरगढ़ में ही ई मित्र संचालक हरीश चौधरी की दुकान पर रविंद्र लखारा को बीस हजार की रिश्वत लिए जाने के आरोप में पकड़ा। उसने यह रिश्वत बिचौलिया रामूराम मेघवाल के मार्फत ली थी। इस पर उसे भी गिरफ्तार किया गया है। अब दोनों से पूछताछ की जा रही है।

Related posts: