दिनदहाड़े घर से पांच लाख का सोना और तीन लाख की चांदी ले गए
- एक्टिवा पर आए बदमाश
- सीसीटीवी फुटेज से चोरों की पहचान के प्रयास
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),दिनदहाड़े घर से पांच लाख का सोना और तीन लाख की चांदी ले गए। शहर के मंडोर पुलिस थाना क्षेत्र आंगणवा स्थित पाबूजी मंदिर के निकट एक सूने घर में दिनदहाड़े चोरी हो गई। चोर घर से पांच लाख का सोना, तीन लाख की चांदी के साथ 1.80 लाख की नगदी चुरा ले गए।परिवार के लोग गांव गए थे। घटना की सूचना पर मंडोर पुलिस ने मौका मुआयना किया और मामला दर्ज किया है। बताया गया कि चोर एक्टिवा पर सवार होकर आए थे।
बीकानेर पुलिस हिरासत से फरार आरोपी राइका बाग स्टेशन पर पकड़ा गया
मंडोर पुलिस ने बताया कि आंगणवा स्थित पाबूजी मंदिर के पास निवासी सांवरलाल पुत्र मिश्रीलाल ने रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि वह पत्नी के साथ गत 25 अप्रैल को गांव गए हुए थे। 26 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे उसका पुत्र व पुत्री घर पर ताला लगाकर पास में ही मामा के घर गए थे। इस बीच एक्टिवा पर आए तीन युवकों ने मकान के ताले तोड़ दिए और घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। नकबजन घर से सोने के सात मादलिया,एक तोले का टीका,डेढ़ किलो चांदी के जेवर के साथ 1 .80 लाख की नगदी चुरा ले गए।
पुलिस ने घटना की जानकारी पर मौका मुआयना किया और अब एक्टिवा की पहचान के साथ चोरों का भी पता लगाया जा रहा है। आस पास लगे सीसीटीवी फुटेज से एक्टिवा के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
