ठेलाकर्मी और निगम दल आमने-सामने
नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),ठेलाकर्मी और निगम दल आमने-सामने। शहर में नगर निगम द्वारा बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रही। इस दौरान एक बार फिर तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। निगम की टीम जब चीरघर चौपासनी एवं जूना खेड़ापति मंदिर रोड क्षेत्र में पहुंची तो ठेलाकर्मियों और निगम कर्मचारियों के बीच तीखी बहस हो गई।
प्रचण्ड गर्मी के मद्देनजऱ मनरेगा कार्यों का समय परिवर्तित
कार्रवाई के दौरान कई ठेलाकर्मियों ने विरोध जताते हुए निगम प्रशासन के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की। विरोध के बीच निगम दल ने सडक़ किनारे किए गए अतिक्रमण हटाए तथा मार्ग को व्यवस्थित करने की कार्रवाई जारी रखी। निगम टीम ने आखलिया चौराहे से लेकर पहले पुलिया तक और शास्त्री नगर थाने से प्रेक्षा हॉस्पिटल मार्ग तक सडक़ के दोनों किनारों पर अवैध रूप से जमे ठेले-थडिय़ों को पूरी तरह हटा दिया।
इस दौरान रास्ते को अवरुद्ध कर रहे कई ठेलों और अवैध रूप से रखे गए व्यावसायिक सामानों को जब्त कर नगर निगम के वाहनों में लाद दिया गया। कार्रवाई के दौरान कई जगहों पर ठेला संचालकों और प्रशासनिक टीम के बीच तीखी बहस और हल्का विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिला।
दुकानदारों ने कार्रवाई को रोकने का प्रयास किया, लेकिन शहर में दिन- प्रतिदिन विकराल रूप ले रही ट्रैफिक की समस्या और उच्च अधिकारियों के सख्त रुख को देखते हुए दस्ता पीछे नहीं हटा। पुलिस बल की मौजूदगी के कारण विरोध करने वाले बैकफुट पर आ गए। नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने और आमजन की सुविधा के लिए नियमित रूप से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही है।
ठेलाकर्मियों ने वैकल्पिक व्यवस्था की मांग उठाते हुए कार्रवाई पर आपत्ति जताई। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा तथा मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए।
