भारत समन्वय धाम में गीता परिचय अभियान,गीता क्लास का आयोजन
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),भारत समन्वय धाम में गीता परिचय अभियान,गीता क्लास का आयोजन। गीता परिचय अभियान के अंतर्गत शनिवार को कमला नेहरू नगर स्थित भारत समन्वय धाम में सायं 5:00 बजे से श्रीमद्भगवद्गीता की भौतिक कक्षा का आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कथावाचक आचार्य रामानुज द्वारा ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया।
कथावाचक आचार्य रामानुज ने श्रीमद्भगवद्गीता में वर्णित अर्जुन और भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य संवाद तथा उनके उपदेशों का अत्यंत सरल एवं प्रभावशाली ढंग से वर्णन किया। कार्यक्रम में गीता अध्याय की शुरुआत आचार्य सूर्य प्रकाश शर्मा ने की। उन्होंने हमें गीता क्यों पढ़नी चाहिए?,मनुष्य जीवन का वास्तविक लक्ष्य क्या है? तथा गीता गंगा से भी बढ़कर क्यों मानी गई है? जैसे विषयों पर प्रकाश डालते हुए श्रीमद्भगवद्गीता के महात्म्य का भावपूर्ण वर्णन किया।
3.50 करोड़ रुपए से बदल रही पोकरण स्टेशन की तस्वीर
पूर्व में आचार्य रामानुज का माल्यार्पण एवं शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया। गीता परिचय अभियान के आचार्य नारायण सिंह चारण,आचार्य सुधा गर्ग तथा आचार्य डॉ.प्रकाश अमरावती का भी पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में भारत समन्वय धाम के पदाधिकारी उम्मेद किशन पुरोहित, उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह सांखला, गुरुजी के शिष्य तथा गीता साधक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
मंच संचालन रघुनाथ सिंह सांखला ने किया। उन्होंने गीता परिचय अभियान के उद्देश्यों एवं गतिविधियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अंत में भगवान के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
