आर्मी में नौकरी लगवाने के नाम पर 3.50 लाख की ठगी
जोधपुर, शहर के बालसमंद रोड पर रहने वाले एक व्यक्ति के पुत्र को आर्मी में नौकरी लगवाने के नाम पर साढ़े तीन लाख के आस पास ठगी कर ली गई। पूर्व में इस मामले में परिवाद हुआ था। दोनों पार्टियों के बीच समझौता के तौर चेक दिए गए। मगर चेक अनादरित हो गए। अब पीडि़त ने कोर्ट में इस्तगासा लगाकर मंडोर थाने में धोखाधड़ी का मामल दर्ज कराया है।
मंडोर पुलिस थाने के हैडकांस्टेबल बंशीलाल ने बताया कि बाल समंद रोड रॉयल्टी नाका के पास में रहने वाले जाकिर हुसैन पुत्र जहूर खां की तरफ से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि वर्ष 2018 में मूलत: भलासरिया हाल बीजेएस कॉलोनी निवासी जोग सिंह राजपूत ने उसके पुत्र को आर्मी में नौकरी लगवाने की बात की थी। उसकी जान पहचान बड़े लोगों से होना बताया। इस वाक्या में उसने अपने साथ दो अन्य विजय सिंह एवं बजरंग सिंह को भी साथ लिया। इन लोगों ने मिली भगत कर परिवादी से साढ़े तीन लाख के आस पास रूपए लिए थे।
आर्मी में नौकरी के लिए उसके पुत्र को दिल्ली भी लेकर गए। मगर बाद में बात नहीं बनी तो एम्स में नौकरी के लिए कह दिया। फिर भी उसके पुत्र को नौकरी नहीं मिल पाई। इस पर रूपयों का तकाजा किया गया। लेकिन रूपए नहीं दिए गए। हैडकांस्टेबल बंशीलाल ने बताया कि इसमें पहले परिवाद हुआ था। तब दोनों पार्टियों को बुलाकर बातचीत करवाई। आरोपी पक्ष ने रूपए नहीं होने की एवज में चेक देने को कहा था। पीडि़त पक्ष को चेक दिए गए मगर वो अनादरित हो गए। अब पीडि़त ने कोर्ट मेें इस्तगासा दायर कर मंडोर थाने में धोखाधड़ी का केस दर्ज करवाया है। इसमें अब अनुसंधान किया जा रहा है।
दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन अभी डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews