2036 में ओलंपिक की मेजबानी के लिए तैयार है भारत-केंद्रीय गृह मंत्री

  • 38वें राष्ट्रीय खेलों का हुआ भव्य समापन
  • उत्तराखंड की देवभूमि के साथ खेलभूमि के तौर पर भी बनी पहचान
  • केंद्रीय गृह मंत्री ने की व्यवस्थाओं की सराहना
  • मेघालय के मुख्यमंत्री को अगले राष्ट्रीय खेलों के लिए सौंपा ध्वज 

हल्द्वानी,(डीडी न्यूज)। 2036 में ओलंपिक की मेजबानी के लिए तैयार है भारत-केंद्रीय गृह मंत्री। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भारत 2036 में ओलंपिक की मेजबानी के लिए तैयार है। यह कहना है केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का। वे शुक्रवार को उत्तराखंड के हल्द्वानी में राष्ट्रीय खेलों के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।

गृह मंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया के माध्यम से उत्तराखंड जैसे छोटे पहाड़ी राज्य ने इतने बड़े खेल आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न किया है। यह बताता है कि भारत का हर राज्य खेलने और खेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है। इस राज्य से अब फिर राष्ट्रीय खेल का आयोजन एक पहाड़ी राज्यों में जा रहा है।

उन्होंने कहा आज खिलाड़ी कई प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा भारत 2036 में ओलंपिक की मेजबानी के लिए तैयार है। 2036 में ओलंपिक के अंदर उत्तराखंड के खिलाड़ी भी मेडल लाकर भारत के तिरंगे का मान बढ़ाएंगे।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री स्व.सुषमा स्वराज एवं पुलवामा में शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि पुलवामा के जवानों की शहादत ने देश को सुरक्षित किया है। जवानों की शहादत के बाद प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने पाकिस्तान पर एयर स्ट्राइक कर करारा जवाब दिया था। इसी के कारण पूरी दुनिया का भारत के प्रति नजरिया बदला है। इससे दुश्मनों को साफ संदेश गया कि भारत की सेना और सीमा से कभी खिलवाड़ नहीं करना है।

38वें राष्ट्रीय खेलों का हुआ भव्य समापन
केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में अन्तरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स स्टेडियम गोलापार,हल्द्वानी में 38वें राष्ट्रीय खेल का समापन समारोह आयोजित किया गया। भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी. ऊषा ने 38वें राष्ट्रीय खेल के समापन की घोषणा की। इस अवसर पर केन्द्रीय गृह मंत्री ने प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले सर्विसेज,महाराष्ट्र और हरियाणा को सम्मानित किया।

उत्तराखंड के हर जिले में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखण्ड के चारों धामों के देवी देवताओं को प्रणाम करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड के हर जिले में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री ने देवभूमि को राष्ट्रीय खेलों के नक्शे पर 25वें स्थान से 7वें स्थान पर लाने का कार्य किया है। राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के विजेता खिलाड़ियों ने देवभूमि को खेल भूमि बनाया है। उन्होंने सभी उत्तराखंड के विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उत्तराखंड की मेजबानी का देशभर में गुणगान
केंद्रीय गृह मंत्री ने उत्तराखंड की आयोजन समिति एवं खेल संगठनों की पीठ थपथपाते हुए कहा कि राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए पूरे देश में उत्तराखंड की तारीफ हो रही है। पूरा देश उत्तराखंड द्वारा की गई शानदार व्यवस्थाओं के गुणगान कर रहा है। भौगोलिक कठिनाइयों के बावजूद उत्तराखंड राज्य ने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में इस कार्य को कुशलतापूर्वक सम्पन्न किया है।

उन्होंने 38वें राष्ट्रीय खेल के सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हार और जीत का खेल से मतलब नहीं है। जीत का जज्बा और हार से निराश न होना,ये खेल का संदेश है। हारने वाले खिलाड़ियों के लिए अगली बार मेडल लाने का मौका है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में 38वें राष्ट्रीय खेलों में इको- फ्रेंडली प्रैक्टिसेज एवं इको फ्रेंडली गेम को धरातल में उतारा गया है। खिलाड़ियों के नाम पर पौधारोपण किया गया। राष्ट्रीय खेलों में खिलाड़ियों द्वारा कई नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाए गए हैं,इन रिकॉर्डों से अंतरराष्ट्रीय खेलों में भी भारत के लिए पदक की उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा राष्ट्रीय खेलों की यह मशाल उत्तराखंड से अब मेघालय जाएगी।

मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड संगमा ने यह निर्णय लिया है कि नॉर्थ ईस्ट के सभी राज्यों में कुछ खेलों के आयोजन से पूरे नॉर्थ ईस्ट को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने मेघालय के मुख्य मंत्री संगमा को आगामी राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी।

हार से लें जीत की प्रेरणा
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों के वातावरण में सकारात्मक बदलाव आया है। देश भर के कई जिलों में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर,कोचिंग की व्यवस्था, खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और पारदर्शी चयन के माध्यम से आज विश्व के खेल पटल पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा भारत के खेलों का भविष्य उज्ज्वल है। खेलों में हर बार नए कीर्तिमान स्थापित हों इसकी व्यवस्था केंद्रीय खेल मंत्री ने की है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री मोदी ने फिट इंडिया और खेलो इंडिया के माध्यम से युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाया है। खेल हमें हारने के बाद जितने के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

प्रधानमंत्री को खेल मित्र मानता है हर खिलाड़ी
उन्होंने कहा कि सफलता सिर्फ शारीरिक क्षमता से नहीं बल्कि दृढ़ निश्चय और मजबूत मन से प्राप्त होती है। अथक परिश्रम और निरंतर प्रयास खिलाड़ियों को आगे ले जाएगी। इन सभी के माध्यम से खिलाड़ी मेडल तक की यात्रा तय कर सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए। आज हर खिलाड़ी प्रधानमंत्री मोदी को खेल मित्र के रूप में मानता है।

उन्होंने कहा 2014 में खेल बजट 800 करोड़ था जो 2025-26 में खेल बजट 3800 करोड़ तक पहुंचाया है। अंतरराष्ट्रीय मंचों में भी हमारे खिलाड़ियों ने तिरंगे का मान बढ़ाया है। खिलाड़ियों के मेडल से पता लगता है कि देश में खेल इंफ्रास्ट्रक्चर और जीतने की भूख में बढ़ोतरी हुई है।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय खेलों के आयोजन का अवसर देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद ज्ञापित किया। उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि इतने भव्य आयोजन में सबसे बड़ा योगदान उन एथलीट्स का रहा है जिन्होंने प्रदेश के लिए अभूतपूर्व प्रदर्शन किया।

उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने हमें पिछले राष्ट्रीय खेलों में मिले 25वें स्थान से सीधे सातवें स्थान तक पहुंचा दिया। हमने उत्तराखंड को खेल भूमि बनाने का सपना देखा था लेकिन इस सपने को साकार करने का बीड़ा हमारे खिलाड़ियों ने उठाया और सफल कर दिखाया। खेल मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में हमने ग्रीन गेम्स जैसी नई अवधारणाओं पर काम किया। उत्तराखंड ने राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के स्तर को बहुत ऊंचा कर दिया है।

राष्ट्रीय खेलों के दौरान हमारे प्रदेश में खेलने आए सभी खिलाड़ियों ने यहां की खेल सुविधाओं की जिस तरह से प्रशंसा की वह सरकार के लिए बड़ी उपलब्धि है। हमारे एथलीट्स ने राष्ट्रीय खेलों के स्तर पर तो शानदार प्रदर्शन किया ही है अब प्रदेश सरकार इन्हीं खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कामयाब होने के लिए तैयार करेगी।

मेघालय के मुख्यमंत्री को अगले राष्ट्रीय खेलों के लिए ध्वज सौंपा
इस अवसर पर मेघालय के मुख्यमंत्री को अगले राष्ट्रीय खेलों के लिए ध्वज सोपा गया। आयोजन में बॉलीवुड गायक सुखविंदर, श्वेता माहरा और दिगारी ग्रुप की प्रस्तुतियों ने चार चांद लगा दिए।