निजी अस्पताल की महिला कर्मचारी पर गबन का आरोप

  • पैसे मांगने पर महिला उत्पीडऩ का मुकदमा दर्ज करने की धमकियां भी दे रही
  • जांच के लिए आने वाले मरीजों के 2.09 लाख की धोखाधड़ी

जोधपुर,निजी अस्पताल की महिला कर्मचारी पर गबन का आरोप। देव नगर थाने में एक निजी अस्पताल कर्मचारी के खिलाफ पैसों के गबन को लेकर मामला दर्ज करवाया गया है। आरोप है कि अस्पताल की महिला कर्मचारी ने रिसेप्शनिस्ट के पद पर काम करते हुए चैकअप के लिए आने वाले मरीजों के परामर्श शुल्क के पैसे चोरी किए हैं।

यह भी पढ़ें – उप मुख्यमंत्री ने स्व.राधा देवी जोशी को दी श्रद्धांजलि

रुपयों को अस्पताल के रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किया गया। इसका पता चलने पर हॉस्पिटल के अधिकारी ने मामला दर्ज करवाया है। थाने में दी रिपोर्ट में अवधेश कुमार शर्मा ने बताया वह निजी अस्पताल में पाल लिंक रोड में अतिरिक्त मैनेजर है। अस्पताल की स्टाफ महिला कर्मचारी ने एक मई 2024 से 15 जुलाई 2024 तक रिसेप्शनिस्ट के पद पर काम करते हुए पैसों का गबन किया।

उसने प्रति व्यक्ति परामर्श शुल्क 400 रुपए के हिसाब से कुल 2 लाख 9 हजार 600 रुपए की चोरी कर ली। इसकी जानकारी लगने पर अस्पताल के एचआर विभाग की ओर से उसे सस्पेंड कर दिया गया।

उसे गबन के रुपयों की रिकवरी के लिए मेल भेजा गया जिसके जवाब में आज तक महिला कर्मचारी ने पैसे जमा नहीं करवाए न ही मेल का जवाब दिया। इतना ही नहीं पैसे मांगने पर महिला उत्पीडऩ का मुकदमा दर्ज करने की धमकियां भी दी जा रही है।