पिता ने कराया आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किए जाने का केस
- दो साल पहले युवक ने लगाया था फंदा
- आपसी लेन देन को लेकर लगाया आरोप
जोधपुर, शहर के बनाड़ पुलिस थाना क्षेत्र में सारण नगर में दो साल पहले एक युवक ने फंदा लगाकर खुदकुशी की थी। पिता ने अब भवन मालिक पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किए जाने का आरोप लगाते हुए बनाड़ थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने अदालत से मिले इस्तगासे पर मामला दर्ज करते हुए अब जांच आरंभ की है। आरंभिक पड़ताल में कोई लेन देन का विवाद बताया गया है।
थानाधिकारी सीताराम खोजा ने बताया कि घटना के संबंध में बिसलपुर हाल सारण नगर निवासी बुधाराम पुत्र भैराराम जाट की तरफ से मामला दर्ज करवाया गया है। इसमें बताया कि उसके पुत्र ने साल 2020 में घर में फंदा लगाकर खुदकुशी की थी। यह लोग सारण नगर में भीखाराम छाबा के मकान में रहते हैं।
थानाधिकारी के अनुसार दोनों पक्ष में रूपयों का लेन देन का विवाद भी है। आरोपी ने परिवादी को कुछ रूपए उधारी स्वरूप दे रखे हैं। रूपयों की डिमांड आदि किए जाने से उसके पुत्र ने सुसाइड किया था और उसके लिए भीखाराम पर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने अदालत से मिले इस्तगासे पर अब मामला दर्ज करते हुए जांच आरंभ की है। परिवादी और आरोपी पक्ष दोनों एक ही गांव के हैं। वर्तमान में भी एक ही भवन में रह रहे हैं। वक्त घटना पुलिस ने पहले मर्ग की कार्रवाई की थी।
दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews