प्रत्याशियों की सूची जारी होने से पहले ही दोनों पार्टी में विरोध और बगावत के सुर
- शहर विधायक अतुल भंसाली के घर के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
- पूर्व विधायक मनीषा पंवार के घर के बाहर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हंगामा
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),प्रत्याशियों की सूची जारी होने से पहले ही दोनों पार्टी में विरोध और बगावत के सुर। नगर निगम चुनाव को लेकर कांग्रेस व बीजेपी की आधिकारिक प्रत्याशियों की सूची जारी होने से पहले ही दोनों पार्टी में विरोध और बगावत के सुर सुनाई देने लग गए। रविवार को संभावित पैराशूट उम्मीदवारों को लेकर कांग्रेस-बीजेपी में विरोध जताया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने जहां शहर विधायक अतुल भंसाली के घर के बाहर प्रदर्शन किया। वहीं पूर्व विधायक मनीषा पंवार के घर के बाहर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। इसी तरह कांग्रेस के बाहर भी विरोध प्रदर्शन किया गया।
दरअसल निवर्तमान पार्षद लियाकत अली रंगरेज,जो जिला कार्यकारिणी में पदाधिकारी भी हैं,को वार्ड 69 में दोबारा टिकट देने की मांग को लेकर कार्यकर्ता पहुंचे। कार्यकर्ताओं का कहना था कि पता चला है कि वहां पर पैराशूट उम्मीदवार अरशद अली को उतारा जा रहा है, जो सही नहीं है। अगर ऐसा होता है तो हम पार्टी का समर्थन नहीं करेंगे। हम सभी लियाकत अली रंगरेज को उम्मीदवार बनाएंगे।
इसी तरह निगम क्षेत्र के सूरसागर विधानसभा के वार्ड नंबर 4 के कांग्रेस कार्यकर्ता पैराशूट प्रत्याशी के विरोध में कांग्रेस कार्यालय के बाहर विरोध दर्ज कराने पहुंचे। कार्यकर्ताओं का कहना था कि वार्ड में बाहरी प्रत्याशी को थोपा जा रहा है, जबकि स्थानीय सक्रिय कार्यकर्ताओं को नजरअंदाज किया जा रहा है। वहीं वार्ड के कार्यकर्ता और एससी एसटी मोर्चे के पूर्व सचिव भंवरलाल कड़वा ने बताया कि पैराशूट उम्मीदवार लाने की कोशिश है, हम उसका विरोध कर रहे हैं।
महिला ने खुद को बताया मूर्ख कार्यकर्ता
कांग्रेस की कार्यकर्ता डॉ. अनीता परिहार ने वीडियो जारी कर वार्ड संख्या 99 और 100 से पूर्व महापौर कुंती देवड़ा और उनके भाई मयंक देवड़ा की दावेदारी को लेकर आपत्ति जताई। परिहार ने कहा कि हम मूर्ख कार्यकर्ता हैं,जो पार्टी के कहने पर दिल्ली-जयपुर जाते हैं। जब हमारी बारी आती है तो नेताओं के रिश्तेदार आगे आ जाते हैं। डोटासरा कहते हैं कि वार्ड के व्यक्ति को ही टिकट मिलेगा,लेकिन यहां तो 20-20 किलोमीटर दूर से लोग दावेदारी कर रहे हैं।
नामांकन का आज अंतिम दिन
निकाय चुनाव के लिए नामांकन का सिर्फ एक दिन बचा है। तीस अगस्त को रविवार को सार्वजनिक अवकाश के कारण नाम निर्देशन पत्र नहीं लिए गए। अब सिर्फ सोमवार को नामांकन लिए जाएंगे। नगर निगम जोधपुर आम चुनाव- 2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया के तहत अब तक कुल 27 अभ्यर्थियों द्वारा 41 नामांकन पत्र प्रस्तुत किए गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर आलोक रंजन ने बताया कि निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 31 अगस्त दोपहर 3 बजे बाद नामांकन भरने का दौर थम जाएगा। नामांकन पत्रों की जांच 1 सितंबर को होगी। तीन सितंबर को नाम वापसी के बाद 4 सितंबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा।
कल से बदलेगा एयर ट्रैफिक, मुंबई-जोधपुर-दिल्ली के बीच नई उड़ान
बागियों पर आरएलपी की नजर, 40 सीटें जीतने का लक्ष्य
जोधपुर नगर निगम के चुनाव में कांग्रेस और भाजपा के अलावा अन्य पार्टियां भी सक्रिय हैं। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने भी निगम की सभी सीटों पर चुनाव लडऩे की तैयारी की है। आरएलपी का नगीना से सांसद चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी (एएसपी) और असदुद्दीन ओवैसी की एआईएम आईएम के साथ गठबंधन है। आरएलपी निगम चुनाव में दोनों पार्टियों के समर्थन से मैदान में उतर रही है। पार्टी नेताओं का दावा है कि चंद्रशेखर और ओवैसी का समर्थन उन्हें प्राप्त है और सभी सीटों पर आरएलपी चुनाव लड़ेगी।
आरएलपी के निगम चुनाव प्रभारी पुखराज कलवानिया ने बताया कि पार्टी 50 सीटों पर विशेष फोकस कर रही है और इनमें से 40 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए पार्टी सोशल इंजीनियरिंग के फार्मूले पर काम कर रही है। इसके तहत पार्टी ने जाट, मुस्लिम और अनुसूचित जाति के बाहुल्य वाली सीटों को चिन्हित किया है। पार्टी इन सीटों पर विशेष फोकस कर रही है।
कलवानिया ने बताया कि पार्टी लूणी विधानसभा और शहर के बाहरी इलाकों में जाट समुदाय के बाहुल्य वाले वार्डों जैसे वार्ड नंबर 76,77,79, 80,89 और मुस्लिम समुदाय के बाहुल्य वाले 31, 33, 34, 64, 66, 70, 72, 73 वार्डों पर विशेष फोकस कर रही है। पार्टी ने चुनाव के लिए 10 लोगों की कमेटी बनाई है।
कलवानिया ने बताया कि पार्टी अपने कार्यकर्ताओं को टिकट के साथ मैदान में उतारने के साथ-साथ कांग्रेस और बीजेपी के बागी होने वाले उम्मीदवारों पर भी नजर बनाए हुए हैं। पार्टी दोनों दलों से बागी होने वाले कैंडिडेट को भी आरएलपी के सिंबल पर मैदान में उतारने का प्रयास करेगी। इसके लिए बीजेपी-कांग्रेस के प्रत्याशियों की लिस्ट का इंतजार किया जा रहा है।
