बालोतरा स्टेशन पर लगाया कर्मचारी शिकायत निवारण एवं स्वास्थ्य शिविर
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),बालोतरा स्टेशन पर लगाया कर्मचारी शिकायत निवारण एवं स्वास्थ्य शिविर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं स्वास्थ्य संरक्षण के उद्देश्य से संचालित ‘मिशन 100’ अभियान के अंतर्गत बालोतरा रेलवे स्टेशन पर कर्मचारी शिकायत निवारण एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
यह शिविर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में आयोजित हुआ। शिविर में कार्मिक विभाग की टीम ने कर्मचारियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ की। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं,जिनमें से 5 का समाधान मौके पर ही कर दिया गया,जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
लूनी स्टेशन पर लगाया कर्मचारी शिकायत व स्वास्थ्य जांच शिविर
स्वास्थ्य जांच शिविर में चिकित्सक द्वारा 26 कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान ब्लड शुगर एवं ब्लड प्रेशर की जांच भी की गई। जांच में 07 कर्मचारियों एवं उनके परिजनों में पहली बार उच्च रक्तचाप एवं उच्च रक्त शर्करा की समस्या चिन्हित हुई। चिकित्सक डॉ. विजय राज चौधरी ने प्रभावित व्यक्तियों को योग,मॉर्निंग वॉक, संतुलित आहार,नियमित स्वास्थ्य जांच तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
शिविर का संचालन मुख्य कर्मचारी कल्याण निरीक्षक हाथी राम भाटी, श्याम सिंह तथा स्टेशन अधीक्षक नाथा राम चौधरी एवं संजय कुमार मीणा की देखरेख में सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। मिशन 100 अभियान के माध्यम से मंडल प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं उनके स्वास्थ्य कल्याण के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है।
