Doordrishti News Logo

जोधपुर, जिले के बिलाड़ा राजकीय अस्पताल में कोरोना संक्रमितों के इलाज के लिए वहां तैनात डॉ. विनय शर्मा ने अलग तरीका अपनाया है। अस्पताल में भर्ती बारह संक्रमितों का इलाज करने के साथ ही योग करवाया जा रहा है। तनाव कम करने के लिए सभी मरीज मिलकर भजन गा रहे हैं। सभी मरीजों के लिए डॉक्टर की पत्नी ने घर से खाना बनाकर भेजा, ताकि किसी को यह अहसास नहीं हो कि वे घर से दूर है।

बिलाड़ा के अस्पताल में दो दिन पूर्व ही कोरोना वार्ड शुरू किया गया। इसमें अब तक बारह संक्रमित भर्ती है। इनमें से अधिकांश आसपास के गांव से आए हुए है। इनका इलाज कर रहे डॉ. विनय शर्मा ने अलग तरीका अपनाया। उन्होंने बताया कि कोरोना संक्रमित व्यक्ति बहुत मानसिक तनाव से गुजरता है जबकि इस बीमारी का सामना करने के लिए मरीज मन से बहुत मजबूत होना चाहिए।

मन में हमेशा सकारात्मक ऊर्जा भरी हो तो कोरोना को आसानी से हराया जा सकता है। इसे ध्यान में रख अपने वार्ड में भर्ती मरीजों को योग कराना शुरू किया। इसके लिए योग के जानकार एक व्यक्ति की मदद ली गई। सभी मरीज वार्ड में बैठ भजन कर सके। इसके लिए वे अपने घर से माइक व स्पीकर लेकर आ गए। अब वार्ड में मरीज सुबह-शाम भजन कर रहे है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि सभी मरीजों के चेहरों पर तनाव के बजाय खुशी झलके।

ये भी पढ़े :- जिला प्रशासन को दी 10 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मशीन

उन सभी में सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह होता रहे। ऐसा कर उनका अपनी बीमारी से ध्यान हटेगा और वे जल्दी स्वस्थ होकर घर लौट पाएंगे। डॉ. शर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी दीपिका ने जब उन्हें ऐसा करते देखा तो उन्होंने भी सहयोग का फैसला किया। पत्नी ने वहां भर्ती सभी बारह मरीजों के लिए घर पर स्वयं खाना तैयार किया, ताकि मरीजों को घर जैसे स्वादिष्ट खाना मिल सके। मरीजों को फल भी दिए जा रहे हैं।

Related posts: