Doordrishti News Logo

दिन भर धुलंडी, दोपहर बाद शुरू हुआ रामाश्यामा

जोधपुर, शहर में होली का पर्व धुलंडी के साथ पूरा हो गया। सुबह से ही लोगबाग रंगोंगुलाल उड़ाते देखे गए। हुड़दंगियों से निपटने के लिए पुलिस भी चप्पे-चप्पे पर नजर आई। दोपहर बाद लोग अपने अपने रिश्तेदारों और परिचितों के साथ मिलकर रामाश्यामा किया। इससे पहले गुरूवार की रात में शहर में कई जगहों पर होलिका दहन कार्य संपन्न हुआ।

होली के दूसरे दिन धुलंडी पर शहर में रंगोत्सव मनाने का दौर सुबह से ही शुरू हो गया था। रिश्तेदार व दोस्त एक-दूसरे के घरों और मोहल्लों में जाकर रंग लगाने की परंपरा निभाते रहे। बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते रहे। मेहमान नवाजी के रूप में उनको पारंपरिक मिठाई व नमकीन आदि खिलाई गई। यूं तो होलिका दहन करने के साथ ही अबीर गुलाल से तिलक लगा कर रंगोत्सव की शुरुआत कर दी थी।

दिन भर धुलंडी, दोपहर बाद शुरू हुआ रामाश्यामा

सुबह से ही जमने लगा रंग

शुक्रवार की सुबह से ही लोग घरों से निकल कर रंगों से होली खेलते नजर आए। शहर में अधिकांश स्थलों पर इवेंट भी आयोजित किए गए। शहरवासी जमकर इसका लुत्फ उठाते नजर आए। इन इवेंट का लोगों में जबरदस्त उत्साह था। दो वर्ष बाद जम कर त्यौहार मनाने के चलते लोगों में उमंग व उत्साह दोगुना नजर आया।

सजी धजी होलिका, शुभ मुहूर्त में दहन

गुरुवार को शास्त्रों के अनुसार होलिका दहन मुहूर्त में होलिका दहन कर लोगों ने मंगलकामनाएं की। शहर के गली मोहल्लों मैदानों में होलिका दहन हुआ। कई स्थलों पर होलिका का विशेष श्रृंगार भी किया गया था। सजी-धजी होलिका का दहन कर चंग बजा कर गेर निकाली। इस मौके पर होलिका की पूजा कर नारियल आदि होलिका की अग्रि में भेंट किया। बहनों ने भाईयों के माथे पर टीका लगाकर माला वार कर होलिका की अग्नि में प्रवाहित की।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews