Doordrishti News Logo

रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का सामान चुराने वाला बदमाश गिरफ्तार

धमकाकर वारदात को देता था अंजाम,जेल भेजा

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का सामान चुराने वाला बदमाश गिरफ्तार। शहर में ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का सामान चोरी करने और डरा-धमकाकर लूटने वाले शातिर बदमाश को जीआरपी थाना ने गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से चोरी और लूट के दो अलग-अलग मामलों का माल बरामद किया। इसमें एक लैपटॉप,एक मोबाइल और कानों में पहनने वाले सोने की लॉन्ग शामिल हैं। आरोपी पहले भी नकबजनी और लूट के कई मामलों में शामिल रहा है।

पुलिस ने आरोपी शिवपुरा पोकरण निवासी लीलू उर्फ जीतू उर्फ जितेंद्र (28) पुत्र भंवरूराम ओड को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 23 फरवरी 2026 को सांवरमल निवासी डीडवाना कुचामन हाल पुणे ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि वह जोधपुर से पुणे जाने के लिए टिकट लेकर स्टेशन में प्रवेश कर रहा था। लगेज स्कैनर मशीन में उसने अपना बैग रखा,लेकिन बैग आगे से बाहर नहीं आया। पीछे जाकर देखा तो बैग गायब था। इसमें डेल कंपनी का लैपटॉप था। इस पर जीआरपी में मामला दर्ज किया था।

सुधार उत्सव एवं चिंतन शिविर 2026 संपन्न

दूसरी वारदात 13 अप्रैल 2026 को हुई। पीड़ित नारायण राम निवासी खेड़ापा जोधपुर इलाज के लिए जोधपुर स्टेशन आया था। उसने वहां खड़े एक युवक से टॉयलेट का रास्ता पूछा। आरोपी उसे झांसे में लेकर राईकाबाग स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 के आखिरी छोर पर बने खंडहर में ले गया। वहां आरोपी ने चाकू दिखाकर नारायण राम को जान से मारने की धमकी दी। जेब से मोबाइल और 200 रुपए छीन लिए। इसके बाद आरोपी ने डरा-धमकाकर पीड़ित के कानों से सोने के लॉन्ग भी उतरवा लिए और फरार हो गया।

टीम ने जब दोनों घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और उनका विश्लेषण किया तो सामने आया कि दोनों वारदातों को अंजाम देने वाला शख्स एक ही है। इसके बाद पुलिस ने पुराने अपराधियों का रिकॉर्ड खंगाला और साइबर सेल की तकनीकी मदद से आरोपी लीलू उर्फ जीतू को गिरफ्तार कर पूछताछ की। इस पर दोनों वारदातें कबूल कर ली।

भीड़ का फायदा उठाकर करता वारदात
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी बेहद शातिर किस्म का है। वह रेलवे स्टेशन,बस स्टैंड और भीड़भाड़ वाले इलाकों में घूमता रहता था। जहां एक तरफ वह भीड़ का फायदा उठाकर जेबतराशी करता था। वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण इलाकों या दूर- दराज से आने वाले सीधे-साधे यात्रियों को अपनी बातों में फंसाता था। मदद करने के बहाने उन्हें सुनसान जगह या खंडहरों में ले जाकर चाकू की नोंक पर लूट लेता था।

पुलिस ने बताया कि आरोपी लीलू आदतन अपराधी है। इसके खिलाफ पहले भी नकबजनी के 3 मामले, एससी/एसटी एक्ट का 1 मामला और एक बुजुर्ग महिला को डरा- धमकाकर लूटने का 1 मामला दर्ज है। कोर्ट ने आरोपी को जेल में भेजने के आदेश दिए।