Doordrishti News Logo

निगम अधिकारियों व कर्मचारियों को लगाए कोविड टीके

जोधपुर, कोरोना संक्रमण काल में अग्रिम पंक्ति में रहकर कोरोना वॉरियर्स के रूप में काम करने वाले नगर निगम अधिकारियों व कर्मचारियों का शुक्रवार को वैक्सीनेशन किया गया। वैक्सीनेशन अभियान की शुरुआत दोनों निगम आयुक्तों ने वैक्सीन लगवाकर की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी बलवंत मंडा ने बताया कि कोविड से बचाव के लिए हेल्थ वर्करों के बाद अब दूसरे चरण में फ्रंटलाइन वर्करों को कोविड वैक्सीन लगाई जा रही है। इसके लिए गुरुवार से टीकाकरण शुरू हो गया था। शुक्रवार को सुबह नगर निगम के अधिकारी व कर्मचारियों को वैक्सीन लगाई गई। नगर निगम कर्मचारियों के उत्साहवर्धन के लिए नगर निगम आयुक्त उत्तर रोहिताश्व तोमर एवं दक्षिण आयुक्त डॉ. अमित कुमार यादव ने सबसे पहले वैक्सीनेशन करवाया। इसके बाद अलग-अलग चरणों में वैक्सीनेशन कार्य को पूरा किया गया। वैक्सीनेशन के लिए पॉलिटेक्निक कॉलेज में कुल 24 साइट बनाई गई जिनमें से नगर निगम उत्तर के लिए एक हॉल में 10 साइट्स, नगर निगम दक्षिण के लिए दूसरे हॉल में 10 साइट व मुख्यालय कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए 4 साइट्स बनाई गई। कोरोना वैक्सीनेशन के कार्यक्रम के लिए नगर निगम उत्तर व नगर निगम दक्षिण के लिए अलग-अलग नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए। नगर निगम में कुल 3810 अधिकारी व कर्मचारी हैं जिनमें से 3299 कर्मचारियों का रजिस्ट्रेशन किया गया था और रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया जारी है, इसके लिए सभी कर्मचारियों को कोरोना वैक्सीन सेंटर तक लाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई। सेंटर पर लाने के साथ ही वैक्सीनेशन की सभी प्रक्रिया से गुजारा गया और इसके लिए चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ ही निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे। टीकाकरण होने के बाद सभी कर्मचारियों को 30 मिनट के ऑब्जर्वेशन में रखा गया।