Doordrishti News Logo

ग्रामीण विकास के कार्य समयबद्ध पूर्ण करें: सीईओ

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के कार्यों का किया निरीक्षण

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),ग्रामीण विकास के कार्य समयबद्ध पूर्ण करें: सीईओ। जिला परिषद जोधपुर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा ने पंचायत समिति ओसियां क्षेत्र में डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के तहत प्रगतिरत ग्रामीण विकास एवं निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें निर्धारित समयावधि में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत ओसियां में प्रगतिरत सौंदर्य करण एवं विकास कार्यों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों में उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप मजबूत एवं टिकाऊ होना चाहिए।

मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने डॉ.भीमराव अंबेडकर राजकीय छात्रावास का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध भोजन,पेयजल,साफ- सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्रावास में उपस्थित विद्यार्थियों से संवाद किया, जिस पर विद्यार्थियों ने व्यवस्थाओं के प्रति संतोष व्यक्त किया।

रात्रि जागरण में लोक भजनों पर झूमे श्रद्धालु

मिश्रा ने पंचायत समिति परिसर स्थित पंचायत की दुकानों एवं प्याऊ का भी निरीक्षण किया तथा इनके समुचित रखरखाव और नियमित साफ-सफाई के निर्देश दिए। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने पंचायत क्षेत्र में पूर्व में स्वीकृत महात्मा गांधी नरेगा कार्यों को समय पर पूर्ण कर उनके उपयोगिता प्रमाण-पत्र शीघ्र जिला परिषद भिजवाने के निर्देश दिए।

उन्होंने वीबी-जी रामजी योजना के तहत श्रमिकों को रोटेशन के आधार पर अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने हरियालो राजस्थान अभियान के तहत अधिकाधिक पौधा रोपण करवाने के साथ रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि पौधों की जीवितता बनी रहे।

मिश्रा ने गांव के तालाब की नियमित साफ-सफाई करवाने तथा आसपास पौधारोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तालाब एवं उसके आसपास गंदगी नहीं होने दी जाए। उन्होंने ओसियां के बाजार क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने, दुकानों के बाहर डस्टबिन रखवाने तथा पॉलीथिन की थैलियों का उपयोग रोकने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेंद्र धोलिया,सहायक अभियंता संजय गुप्ता,ग्राम विकास अधिकारी ओसियां सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।