Doordrishti News Logo

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार को जोधपुर आएंगे

जोधपुर,राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत मंगलवार को जोधपुर आएंगे। जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य विभाग मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के दौरे की तैयारियों में जुटे हुए हैं। मुख्यमंत्री गहलोत सवा साल के लंबे अरसे के बाद मंगलवार को अपने गृह नगर जोधपुर पहुंचेंगे। सीएमओ से मिली सूचना के अनुसार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सुबह 11 बजे जयपुर से हवाई जहाज से रवाना होकर 12 बजे जोधपुर पहुंचेंगे।

वे दोपहर 1 से 2 बजे तक सर्किट हाउस में जन सुनवाई करेंगे। इसके बाद वे दो नजदीकी गांवों में प्रशासन गांवों के संग शिविरों का अवलोकन करेंगे। 2:30 बजे जालेली फौजदार व मंडोर क्षेत्र में चल रहे प्रशासन गावों के संग अभियान में शिरकत करेंगे। 3:30 बजे डिगाडीकलां स्कूल वार्ड संख्या 79,80 में प्रशासन शहरों के संग का अवलोकन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम को बिलाड़ा जाएंगे जहां वे पूर्व मंत्री और आई पंथ के दीवान माधव सिंह के घर जाकर उनके पुत्र के निधन पर शोक जताएंगे। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री कल रात जोधपुर में ही रुक सकते हैं। अगले दिन सुबह उनका विमान से दिल्ली जाने का कार्यक्रम बताया जा रहा है।

मुख्यमंत्री गहलोत के जोधपुर दौरे की तैयारियों को जयपुर में मुख्य सचिव ने अंतिम रूप दे दिया है। जोधपुर सम्भागीय आयुक्त और सम्भाग के सभी जिला कलेक्टर्स को खास तौर पर निर्देश दे दिए गए हैं। जोधपुर नगर निगम प्रशासन को भी साफ-सफाई और पट्टे ट्रांसफर करने की स्पीड बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। जिले के सभी विभागों के अफसरों को मुस्तैदी से काम करने और सीएम के दौरे के दौरान छुट्टियां नही लेने के भी निर्देश दिए गए हैं।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन अभी डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews

Related posts: