गणेश मंदिर में चोरी के आरोपियों से छत्र बरामद
- पुलिस अभिरक्षा में लिया
- अन्य चोरियों का लगाया जा रहा पता
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),गणेश मंदिर में चोरी के आरोपियों से छत्र बरामद।शहर के निकट आरती नगर पाल में दो दिन पहले गणेश मंदिर में चांदी के छत्र चुराने के तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर चांदी का छत्र बरामद किया गया है। जिसका अनुमानित वजन डेढ़ सौ ग्राम है।
बोरानाडा पुलिस के अनुसार मंदिर समिति अध्यक्ष भंवरलाल चौधरी ने मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भील बस्ती निवासी ताराराम, कालीजाल लूणी के मादाराम एवं अर्जुन को गिरफ्तार कर चांदी का छत्र बरामद किया है।
पहले से दर्ज है प्रकरण
बोरानाडा थाना पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मादाराम के खिलाफ बोरानाडा एवं लूणी थानों में कुल पांच मामले दर्ज हैं। अर्जुन के खिलाफ बोरानाडा थाने में चोरी के दो मामले दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों से अन्य चोरियों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है।
