नकबजन गिरोह का पर्दाफाश,तीन गिरफ्तार
एक अन्य साथी की तलाश
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),नकबजन गिरोह का पर्दाफाश,तीन गिरफ्तार।देवनगर थाना पुलिस ने नकबजनी की दो बड़ी वारदातों का खुलासा करते हुए शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में दो मुख्य आरोपी अनिश और मोहम्मद अब्बास को गिरफ्तार किया गया है, वहीं चोरी का माल खरीदने वाले सहआरोपी शिवम को भी पुलिस ने पकड़ लिया है।
पुलिस आयुक्त शरत कविराज और पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमल शेखावत के निर्देश तथा सहायक पुलिस आयुक्त प्रतापनगर रविन्द्र कुमार बोथराके सुपरविजन में थानाधिकारी सोमकरण के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पहली घटना 16 मार्च की है,जब नन्दनवन पाल लिंक रोड क्षेत्र में एक मकान में घुसकर चोरों ने छत के दरवाजे से प्रवेश कर अलमारी का ताला तोड़ दिया। यहां से करीब 30 हजार रुपए नकद,सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया गया। दूसरी घटना अक्टूबर 2025 की है, जिसमें पाल लिंक रोड स्थित एक बंद मकान को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये कीमत के गहने और नकदी पार कर दी थी। मकान मालिक उस समय अपने गृह नगर गया हुआ था। पुलिस पूछताछ में आरोपी अनिश ने दोनों वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया। उसने चोरी का माल पीपली चौराहा स्थित एक ज्वैलर्स को बेचने की बात भी कबूल की।
ईदुल फितर की नमाज अदा कर मांगी खुशहाली की दुआएं
इसके बाद पुलिस ने ज्वैलर्स संचालक शिवम को भी गिरफ्तार कर लिया। आगे की जांच में मोहम्मद अब्बास को भी पकड़ा गया, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिन में बंद मकानों की रेकी करते थे और रात में वारदात को अंजाम देते थे। चोरी का पैसा नशे और मौज-मस्ती में खर्च कर दिया जाता था। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना तलाश रही है।
