चंडीगढ़ दौरे पर पहुंचे भाजपा के पंजाब चुनाव प्रभारी केन्द्रीय मंत्री शेखावत का जोरदार स्वागत

पार्टी कार्यकर्ताओं, पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधायकों की बैठक लेंगे

चंडीगढ़, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत बुधवार को चंडीगढ़ पहुंचे। पिछले दिनों भाजपा ने शेखावत को पंजाब विधानसभा चुनाव का प्रभारी नियुक्त किया था। यह जिम्मेदारी मिलने के बाद शेखावत की यह पहली बार पंजाब यात्रा है। भाजपा जोधपुर संभाग मीडिया प्रमुख अचल सिंह मेड़तिया ने बताया कि पंजाब की ज़िम्मेदारी मिलने के बाद जोधपुर सांसद केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत देर शाम नई दिल्ली से चंडीगढ़ पहुंचे। चंडीगढ़ एयरपोर्ट शेखावत,केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी का पंजाब भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ जोरदार स्वागत किया।

इसके बाद शेखावत ने सेक्टर-6 स्थित गेस्ट हाउस में भाजपा राज्य इकाई के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। गुरुवार को शेखावत सर्वप्रथम सेक्टर-37ए स्थित भाजपा कार्यालय में गुरु तेगबहादुर के 400वें प्रकाश उत्सव पर आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके पश्चात वे कार्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। दोपहर में शेखावत का राज्य और जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ ही पूर्व सांसदों, पूर्व मंत्रियों, पूर्व विधायकों से मिलने का कार्यक्रम है। दोपहर बाद 3 बजे भाजपा कार्यालय में प्रेस को भी संबोधित करेंगे। शाम को केंद्रीय मंत्री भाजपा कार्यालय में कोर ग्रुप के साथ बैठक करेंगे और देर रात शेखावत चंडीगढ़ से नई दिल्ली लौट आएंगे।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन अभी डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews