पंजाब में अपने प्रदर्शन से विरोधियों को आश्चर्यचकित करेगी भाजपा- शेखावत
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री ने जिला और मंडल प्रभारियों के साथ की सांगठनिक बैठक
चंडीगढ़, पंजाब में भाजपा के चुनाव प्रभारी और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि पंजाब में भाजपा चौंकाने वाला परिणाम देगी। हम अन्य पार्टियों के विपरीत सबको साथ लेकर चल रहे हैं। मंगलवार को शेखावत ने पंजाब भाजपा के जिला प्रभारियों, जिला और मंडल अध्यक्षों के साथ सांगठनिक बैठक की। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता बूथ स्तर पर जनसंपर्क में महारत रखते हैं और उन्हें वातावरण में बेहतर सकारात्मकता दिख रही है। निश्चित ही पंजाब भाजपा अपने प्रदर्शन से विरोधियों को आश्चर्यचकित करने वाली है। अन्य दलों की अपेक्षा हम सभी वर्गों को साथ लेकर चल रहे हैं।
मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा पंजाब में पहली बार 23 सीटों के दायरे से आगे बढ़कर चुनाव लड़ने वाली है। हमारी पार्टी के संगठन का विस्तार हो, संगठन और प्रभावी तरीके से धरातल पर काम कर सके, हमारे मूल संगठन, साथ में काम करने वाले मोर्चे व अनुशांगिक संगठनों का विस्तार भी निचले स्तर तक हो, उसके लिए हम सब मिल- बैठकर चर्चा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी नहीं है, जो केवल चुनाव लड़ने के लिए संगठन खड़ा करती हो, हम सालभर सक्रिय रहकर समाज के बीच काम करने वाली पार्टी हैं।
करतारपुर कॉरिडोर खोलने के लिए शेखावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि तीनों कृषि कानून भी प्रधानमंत्री ने राष्ट्रहित में वापस लेने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री ने कहा भी है कि एक व्यापक सोच के तहत, जो कुछ हमने किया था, वो किसानों के हित के लिए था, शायद हम कुछ किसानों को इस बात को समझाने में कामयाब नहीं हुए। एक गतिरोध जैसी स्थिति बनी है, ये गतिरोध समाप्त हो और हम फिर नए सिरे से शुरुआत करें।
दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन अभी डाउनलोड करें – http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews
