Doordrishti News Logo

हत्या के मुख्य आरोपी अजयपाल के साथी को जैसलमेर खुली जेल से पकड़ा

-बंदी सुरेश सिंह हत्याकांड

जोधपुर,शहर के रातानाडा भाटी चौराहा के पास में पुलिस अभिरक्षा में बंदी सुरेश सिंह हत्याकांड में फरार चल रहा एक लाख का इनामी बदमाश अजयपाल सिंह उर्फ एपी अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर है। मगर पुलिस ने अब उसके एक साथी को जैसलमेर की खुली जेल से गिरफ्तार किया है। आरोपी सजायाप्ता है। पुलिस अब इससे पूछताछ में जुटी है। बंदी सुरेश सिंह की वर्ष 2021 में हत्या की गई थी। पुलिस उपायुक्त पूर्व डॉ.अमृता दुहन ने बताया कि पैरोल से फरार पुलिस अभिरक्षा में बंदी सुरेश सिंह की हत्या के आरोपी अजयपाल सिंह के साथी इन्द्रजीत सिंह जो सजायाफ्ता है उसे जैसलमेर की बंदी खुला शिविर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी प्रतापनगर उदयपुर निवासी मंगल सैन को गिरफ्तार किया गया है।

पढ़िए इस खबर को – जोधपुर के 565वें स्थापना दिवस पर हुए विभिन्न मनोहारी कार्यक्रम

अब तक प्रकरणों में 6 विभिन्न राज्यों से कुल 26 आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। पकड़े गए आरोपी इन्द्रजीतसिंह ने कृषि मण्डी के व्यापारी को धमकी दी थी।अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस अपराध शाखा एमएन दिनेश द्वारा अन्य राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर अजयपाल सिंह की गिरफ्तारी के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। डीसीपी दुहन ने बताया कि तीन प्रकरणों में अब तक 26 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

घटना संख्या 1-

आरोपी अजयपाल सिंह केन्द्रीय कारागृह,जोधपुर से पैरोल स्वीकृत करवाने के बाद कारागृह में उपस्थित नहीं होकर फरार हो गया था। जिस पर रातानाडा थाने में प्रकरण दर्ज हुआ था।

घटना संख्या 2-

केन्द्रीय कारागृह, जोधपुर से बंदी सुरेश सिंह राजपूत निवासी दर्री पुलिस थाना गुढ़ा एंदला व अन्य कैदी के साथ जिला पाली में पेशी करवाने के बाद भाटी चौराहा, जोधपुर पुलिस टीम पहुंची व सरकारी वाहन का इन्तजार करने के समय अज्ञात मुल्जिमानों द्वारा बंदी सुरेश सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिस पर 18 दिसम्बर 2021 हत्या एवं आर्म्स एक्ट में प्रकरण दर्ज किया गया था। जिसमें मुख्य अभियुक्त को नामजद कर उसकी गिरफ्तारी के भरसक प्रयास किये जाने के बावजूद उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस मुख्यालय जयपुर द्वारा एक लाख रुपए के इनाम की घोषणा की जा चुकी है।

घटना संख्या 3-

19 अप्रेल 23 को सजायाफ्ता खुला शिविर जैसलमेर में बंदी इन्द्रजीत सिंह द्वारा अपने साथियों को मण्डोर धानमण्डी में व्यापार करने वाले व्यापारी महेन्द्र जैन की दुकान पर भेजकर उनको फोन पर धमकाया कि इन्द्रजीतसिंह ने जिस काम के लिये आपको कहा था, वह काम अभी तक किया नहीं आपने आपके पास कल 12-1 बजे तक का समय है, वरना अच्छा नहीं रहेगा। इसके पश्चात इन्द्रजीत सिंह द्वारा भी व्यापारी को फोन पर धमकाया गया तथा गालियां दी गई। जिस पर 20 अप्रेल 2023 महामंदिर थाने में मामला दर्ज किया गया। अब पाली के नाडोल हाल शिव शक्ति कॉलोनी रेजीडेंसी रोड रातानाडा निवासी इन्द्रजीत सिंह पुत्र देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया। इन्द्रजीत सिंह कार लूट तथा हत्या के गंभीर प्रकरण में सजायाफ्ता है।

इसे भी गिरफ्तार कर लिया गया
पुलिस ने उदयपुर जिले के प्रतापनगर स्थित सामुदायिक भवन के पास में रहने वाले मंगल सैन पुत्र गणेश सैन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ट्रांसपोर्ट का कार्य करता है। उसे अजयपाल सिंह को शरण देने व सहयोग करने पर गिरफ्तार किया गया।

अजयपाल उर्फ एपी की सूचना पर मिलेगा एक लाख का इनाम 
अपराधी अजयपाल सिंह उर्फ एपी के संबंध में जो कोई व्यक्ति पुलिस को सूचना देगा या दस्तयाब करवाने में सहयोग करेगा, उस व्यक्ति को 1 लाख रुपये नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। सूचना देने वाले व्यक्ति की गोपनीयता का पूर्ण ध्यान रखा जाएगा तथा संबंधित व्यक्ति इस अपराधी के बारे में सूचना जरिये व्यक्तिगत रूप से, टेलिफोनिक या सोशल मीडिया यथा वाट्सएप (+91 9460543975), फेसबुक, इंस्टाग्राम,ट्विटर आदि के जरिये सूचित कर सकता है। इस अपराधी को शरण देने व किसी भी प्रकार का सहयोग देने पर सख्त से सख्त विधिक कार्यवाही की जाएगी।

दूरदृष्टिन्यूज़ की एप्लिकेशन यहां से इंस्टॉल कीजिए http://play.google.com/store/apps/details?id=com.digital.doordrishtinews