पत्थरों से लदे ट्रक ने इलेक्ट्रिक मोपेड सवार युवक को कुचला

  • झालामंड मोती मार्केट ब्रिज पर सड़क हादसा
  • एक्सीडेंट के बाद लोगों का हंगामा
  • धरना प्रदर्शन देर रात चलता रहा
  • एक करोड़ मुआवजे की मांग

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पत्थरों से लदे ट्रक ने इलेक्ट्रिक मोपेड सवार युवक को कुचला। शहर के निकट झालामंड स्थित मोती मार्केट के ब्रिज पर गुरुवार शाम को पत्थरों से लदे एक ट्रक से मोपेड सवार युवक की जान चली गई। युवक इलेक्ट्रिक मोपेड पर सवार था।

हादसे से गुस्साए लोगों ने मौके पर धरना प्रदर्शन कर नारेबाजी की। शव को देर रात ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सांइसेज में रखवाया गया।
सडक़ हादसे में हनुमान नगर झालामंड निवासी दिव्यांशु पुत्र कुलदीप कुमावत की मौत हुई है। ट्रक शताब्दी सर्किल की तरफ जा रहा था।

कुम्हार समाज में फैला रोष 
इस दुखद एवं हृदयविदारक घटना के विरोध में सर्व समाज की ओर से कुमार प्रजापति समाज की तरफ से मोती मार्केट,झालामंड चौराहा पर धरना एवं विरोध प्रदर्शन किया गया। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन के प्रति गहरा रोष व्यक्त किया।

क्षेत्रवासियों का कहना था कि शहर में भारी वाहनों की लापरवाही,यातायात नियंत्रण की कमी एवं प्रशासनिक उदासीनता के कारण लगातार निर्दोष लोगों की जान जा रही है। प्रशासन यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई करता तो इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सकता था।

धरना स्थल पर रखी मांगें 
मृतक आश्रित परिवार को 1 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी जाए। परिवार के एक सदस्य को संविदा पर सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। जिला परिवहन अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाए। झालामंड चौराहा से गौरव होटल डांगियावास तक संबंधित ड्यूटी अधिकारियों एवं जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों को निलंबित किया जाए। संबंधित पुलिस बीट अधिकारी के विरुद्ध भी कठोर कार्रवाई करते हुए निलंबन किया जाए।

शताब्दी सर्किल से गौरव होटल तक सडक़ सुरक्षा के लिए बैरिकेट्स,स्पीड ब्रेकर एवं सुरक्षा बैरियर लगाए जाएं। गौरव होटल क्षेत्र में पुलिस चौकी एवं नाका व्यवस्था पुन: तत्काल प्रभाव से प्रारंभ की जाए।

मांगें नहीं माने जाने पर शव उठाने से इंकार 
धरनास्थल पर लोगों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक मृतक आश्रित पीडि़त परिवार की मांगों पर ठोस एवं लिखित सहमति नहीं दी जाती तब तक मृतक दिव्यांशु प्रजापत का शव नहीं उठाया जाएगा।

Related posts: