फाइनेंस कंपनी से गोल्ड रिलीज करवाने के नाम पर 25.57 लाख की ठगी
- आरोपी ने रकम को परिचितों के खाते में डाला
- कंपनी ने कराया केस दर्ज
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),फाइनेंस कंपनी से गोल्ड रिलीज करवाने के नाम पर 25.57 लाख की ठगी। शहर की एक फाइनेंस कंपनी से गोल्ड छुड़ाकर अन्य कंपनी में जमा करवाने के नाम पर एक व्यक्ति ने कंपनी के साथ 25.57 लाख की धोखाधड़ी कर ली।
आरोपी ने गोल्ड छुडाने के बाद उठाई गई रकम को अपने रिश्तेदारों के खाते में ट्रांसफर कर दी। मगर फाइनेंस कंपनी को गोल्ड जमा नहीं कराया। शाखा प्रबंधक ने अब आरोपी को नामजद कर केस दर्ज कराया है।
देवनगर पुलिस ने बताया कि पूनावाला फिनकॉप लिमिटेड आखलिया चौराहा के शाखा प्रबंधक हेमंत जोशी ने यह रिपोर्ट दी है। इसमें बताया कि संूथला निवासी महावीर सिंह ने कंपनी में आकर गोल्ड पर लोन दिलाए जाने की बात की थी। मगर उसका गोल्ड पांचवीं रोड स्थित एक अन्य फाइनेंस कंपनी में जमा था जो वह छुड़ाना चाहता था। इसके लिए उसने 25 लाख से ज्यादा रुपए की जरूरत बताई और गोल्ड छुड़ाने के बाद परिवादी की कंपनी में जमा कराने की बात की थी।
रिपोर्ट में बताया कि आरोपी की बातों का विश्वास करते हुए उसे कंपनी की तरफ से 25 लाख 57 हजार का लोन दिया गया। मगर उसने जालसाजी करते हुए रकम को प्राप्त कर अपने रिश्तेदारों और परिचितों के खातें में डाल दिया। पांचवीं रोड स्थित कंपनी से गोल्ड छुड़ाने के बाद उसकी कंपनी में जमा नहीं कराया। देवनगर पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर अब जांच आरंभ की है।
