कांग्रेस की दीपावली से पहले पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग
जिला कलेक्टर को लिखा पत्र
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),कांग्रेस की दीपावली से पहले पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग। दीपावली पर्व के मद्देनजर जोधपुर शहर के सभी वार्डों में नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा खराब व लंबे समय से बंद पड़े हैंडपंपों की शीघ्र मरम्मत करवाने की मांग को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला कलेक्टर को पत्र लिखा है।
जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ.संजय गौड़ ने बताया कि शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमकार वर्मा ने प्रशासन से दीपावली से पूर्व पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि दीपावली पर शहर के प्रत्येक घर,गली-मोहल्ले और सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई एवं स्वच्छता संबंधी कार्य बड़े स्तर पर किए जाते हैं। ऐसे में पर्याप्त पानी की उपलब्धता बेहद आवश्यक है।
वर्मा ने कहा कि शहर के विभिन्न वार्डों में अनियमित जलापूर्ति और पानी की कमी के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए प्रशासन को समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने जिला कलेक्टर से संबंधित विभागों को निर्देश जारी कर दीपावली से पहले सभी वार्डों में पर्याप्त दबाव के साथ नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करवाने की मांग की।
आयुर्वेद विवि की शिक्षिका डॉ.वृशाली बारब्दे को मिला डिजाइन पेटेंट
उन्होंने कहा कि दीपावली से पूर्व चलाए जाने वाले विशेष सफाई अभियान और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के लिए भी पर्याप्त पानी उपलब्ध करवाया जाना चाहिए, ताकि सफाई कार्य सुचारु रूप से संपन्न हो सके। वर्मा ने शहर के विभिन्न गली-मोहल्लों में खराब अथवा लंबे समय से बंद पड़े हैंडपंपों का संबंधित विभागों से सर्वे करवाकर शीघ्र मरम्मत कराने और उन्हें पुन: चालू करने की मांग भी की। इससे स्थानीय निवासियों को राहत मिल सकेगी।
उन्होंने प्रशासन से जलापूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी करने तथा संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने का आग्रह किया,ताकि दीपावली के दौरान शहरवासियों को पेयजल की समस्या का सामना नहीं करना पड़े।
