जयपुर-बाड़मेर का एक लाख रुपए का इनामी स्वरूपराम को जोधपुर में पकड़ा
- जयपुर और बाड़मेर में घोषित हो रखा था इनाम -कांस्टेबल अशोक बेनीवाल की सतर्कता और बहादुरी से पकड़ा गया शातिर तस्कर
- पीछा करते हुए नेपाल भागने की फिराक पर फेरा पानी
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जयपुर-बाड़मेर का एक लाख रुपए का इनामी स्वरूप राम को जोधपुर में पकड़ा। जिला पश्चिम की बासनी पुलिस ने एक लाख रुपए के इनामी अपराधी स्वरूपराम उर्फ स्वरूप बेनीवाल को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर एएनटीएफ राजस्थान जयपुर की ओर से 75 हजार रुपए और बाड़मेर पुलिस की ओर से 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार,15 अक्टूबर को कांस्टेबल अशोक बेनीवाल ने गायत्री नगर,पाल रोड क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति को देखा। फोटो के आधार पर उसकी पहचान स्वरूपराम बेनीवाल के रूप में हुई, जो कई गंभीर मामलों में वांछित था।
पुलिस की भनक लगने पर आरोपी अपनी लग्जरी कार से भागने लगा। कांस्टेबल अशोक बेनीवाल ने मोटर साइकिल से लगातार उसका पीछा किया और पुलिस टीम को सूचना दी। पुलिस ने सांगरिया रिंग रोड पर नाकाबंदी की,लेकिन आरोपी गाड़ी लेकर कुड़ी भगतासनी क्षेत्र की गलियों में घुस गया। आगे रास्ता बंद होने पर वह कार छोडक़र एक मकान में जा छिपा।
विपक्ष की जिम्मेदारी -संवैधानिक संस्थाओं की मर्यादा
पुलिस टीम ने मकान की घेरा बंदी कर उसे पकड़ लिया। कार्रवाई में एएनटीएफ राजस्थान की जोधपुर इकाई का भी सहयोग लिया गया।
कई गंभीर मामलों में वांछित, पैरोल से फरार था आरोपी पुलिस के मुताबिक,आरोपी के खिलाफ डोडा पोस्त तस्करी, चोरी के वाहन,अवैध मादक पदार्थ,हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न मामले दर्ज हैं।
वह वर्ष 2023 में जोधपुर जेल से पैरोल पर बाहर आने के दौरान फरार हो गया था। फरारी के दौरान उसके नेपाल में रहने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार,आरोपी मादक पदार्थों की तस्करी में एस्कॉर्टिंग, पैडलर और सप्लायर की भूमिका निभाता था।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया तथा पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमल शेखावत के निर्देशानुसार, अधिकारियों के सुपरविजन में की गई।
कार्रवाई में कांस्टेबल अशोक बेनीवाल की विशेष भूमिका रही।
