रुपाराम हत्याकांड का खुलासा तीन आरोपी गिरफ्तार
वारदात में प्रयुक्त बाइक सहित मृतक की गाड़ी भी बरामद
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),रुपाराम हत्याकांड का खुलासा तीन आरोपी गिरफ्तार। मथानिया थाना क्षेत्र के बालरवा गांव में रुपाराम की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक रुपाराम की मोटरसाइकिल और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त पूर्व मनीष चौधरी ने बताया कि 9 अक्टूबर को बालरवा निवासी मंगलाराम बावरी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनका 32 वर्षीय पुत्र रुपाराम कृषि कार्य करता था। वह 9 अक्टूबर को घर आया था और शाम करीब 6.30 से 7 बजे के बीच बालरवा बस स्टैंड की तरफ गया था।
इसी दौरान कुछ लोगों ने उस पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण रुपाराम की मौके पर ही मौत हो गई। परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर मथानिया थाने में हत्या का मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।
पुलिस आयुक्त अंशुमान भोमिया के निर्देशानुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अनिल शर्मा एवं एसीपी मंडोर के निर्देशन में मथानिया थाना प्रभारी तुलसी चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद पुलिस ने वारदात में शामिल तीन आरोपियों बालरवा निवासी मूलाराम पुत्र बींजाराम, भूराराम पुत्र श्रवणराम और रुपाराम पुत्र छोगाराम को गिरफ्तार किया। पुलिस ने प्रकरण में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा मृतक की मोटरसाइकिल बरामद की है।
