Doordrishti News Logo

एसआई प्रमोशन के लिए 2 किमी की दौड़ के बाद एएसआई का हार्ट अटैक से मौत

फिजिकल टेस्ट देने बाड़मेर से जोधपुर आए थे

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),एसआई प्रमोशन के लिए 2 किमी की दौड़ के बाद एएसआई का हार्ट अटैक से मौत। एसआई पद पर प्रमोशन के लिए फिजिकल टेस्ट देने बाड़मेर से जोधपुर आए एक एएसआई की अचानक तबीयत बिगडऩे से मौत हो गई।

वे शुक्रवार सुबह मंडोर स्थित राजस्थान पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में प्रमोशन के लिए आयोजित फिजिकल परीक्षा देने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दो किलोमीटर की दौड़ पूरी करने के बाद उनके सीने में अचानक दर्द उठा। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार एएसआई दुर्गाराम (50) बाड़मेर जिले के नेतराड़ गांव के रहने वाले थे। वर्तमान में वे गिराब पुलिस थाने में एएसआई के पद पर कार्यरत थे। शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे फिजिकल टेस्ट में शामिल होने के लिए जोधपुर के मंडोर स्थित राजस्थान पुलिस ट्रेनिंग सेंटर पहुंचे थे।

यहां एसआई पद पर प्रमोशन के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा आयोजित की जा रही थी। दुर्गाराम ने परीक्षा के तहत दो किलोमीटर की दौड़ पूरी कर ली थी। इसके बाद उन्हें शारीरिक परीक्षा के अन्य चरणों में शामिल होना था। दौड़ पूरी करने के कुछ समय बाद दुर्गाराम की तबीयत अचानक बिगडऩे लगी।

सुबह करीब 8.30 बजे उनके सीने में तेज दर्द हुआ। मौके पर मौजूद लोगों ने उनकी हालत बिगड़ती देख उन्हें तुरंत उपचार के लिए नजदीकी निजी हॉस्पिटल पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि फिजिकल टेस्ट के दौरान ही उन्हें हार्ट अटैक आया था। इसके चलते उनकी मौत हो गई।