जिले भर में जला आशीर्वाद का दीया

  • विकसित भारत जन सेवा अभियान शुरू
  • विकसित भारत एवं विकसित राजस्थान के संकल्प के साथ जनभागीदारी ने दी अभियान को गति

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जिले भर में जला आशीर्वाद का दीया। विकसित भारत जन सेवा अभियान का गुरुवार को जिलेभर में शुभारंभ हुआ। अभियान के पहले दिन “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम के तहत जिले के सभी 14 ब्लॉकों में विभिन्न निर्धारित कार्यक्रम स्थलों पर दीप प्रज्वलित किए गए।

अधिकारियों,कर्मचारियों एवं आमजन ने उत्साह पूर्वक सहभागिता करते हुए विकसित भारत एवं विकसित राजस्थान के संकल्प के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा देश एवं प्रदेश की प्रगति, समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की।

सीईओ जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा ने बताया कि जन सेवा, सामाजिक सरोकार एवं सुशासन की भावना को सुदृढ़ करने व ‘विकसित भारत विकसित राजस्थान’ के लक्ष्य की दिशा में जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विकसित भारत जन सेवा अभियान आयोजित किया जा रहा है।

विधि संकाय में NSS की तीनों इकाइयों ने लगाया रक्तदान शिविर

अभियान के तहत विभिन्न जनकल्याणकारी एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में अभियान के पहले दिन “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम आयोजित किया गया।

14 ब्लॉकों में एक साथ जले आशीर्वाद के दीये
जिले के 14 ब्लॉकों में ब्लॉकवार निर्धारित कार्यक्रम स्थलों पर “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम आयोजित हुए। लूणी ब्लॉक में शिकारपुरा,धवा में धवा, केरू में बड़ली तालाब तथा मंडोर में बनाड़ तालाब में दीप प्रज्वलित किए गए। इसी प्रकार बिलाड़ा ब्लॉक में पिचियाक,पीपाड़ शहर में चिरढाणी,भोपालगढ़ में उस्तरा तथा बावड़ी में बावड़ी में कार्यक्रम आयोजित हुआ।

तिंवरी से चामू तक कार्यक्रम,आमजन ने दर्ज कराई सहभागिता
तिंवरी ब्लॉक में मांडियाई खुर्द, ओसियां में सच्चियाय माता मंदिर, शेरगढ़ में शेरगढ़ तथा बालेसर में आगोलाई में “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम आयोजित किया गया। सेखाला में सेखाला तथा चामू में चामू में कार्यक्रम हुए। सभी कार्यक्रम स्थलों पर स्थानीय अधिकारियों, कार्मिकों एवं आमजन ने दीप प्रज्वलित कर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

रंगोलियों से दिया विकसित भारत-विकसित राजस्थान का संदेश
कार्यक्रम स्थलों पर आकर्षक रंगोलियां भी सजाई गईं। रंगोलियों के माध्यम से ‘विकसित भारत’ एवं ‘विकसित राजस्थान’ का संदेश उकेरते हुए जनभागीदारी, सेवा एवं सामाजिक सरोकार की भावना को अभिव्यक्त किया गया। दीप प्रज्वलन एवं रंगोली सज्जा के माध्यम से कार्यक्रम स्थलों को उत्सवी स्वरूप दिया गया।

सरकारी कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलन
अभियान के तहत ब्लॉक एवं स्थानीय स्तर पर सरकारी कार्यालयों तथा विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर भी दीप प्रज्वलित किए गए। अधिकारियों,कर्मचारियों एवं आमजन ने सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलित कर प्रदेश एवं देश की निरंतर प्रगति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर विकसित भारत एवं विकसित राजस्थान के लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय जनभागीदारी का संकल्प लिया गया।

सेवा,सम्मान और सामाजिक सरोकार का संदेश
आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के माध्यम से समाज के वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता की भावना को प्रोत्साहित करने के साथ सेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने विभिन्न वर्गों को एक साथ जोड़ते हुए जनभागीदारी, सामाजिक उत्तरदायित्व और सुशासन की भावना को सुदृढ़ करने का कार्य किया।

17 अक्टूबर तक आयोजित होंगी विभिन्न गतिविधियां
उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक विकसित भारत जन सेवा अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के दौरान जिलेभर में विभिन्न विभागों के समन्वय से जनसेवा,सुशासन, सामाजिक सरोकार एवं जनकल्याण से संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के माध्यम से आमजन को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने के साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देने पर विशेष जोर रहेगा।

Related posts: