स्थानीय लोगों की सूचनाओं से तस्करी पर प्रहार:पुलिस महानिदेशक

  • अंतिम गांव को मान रहे पहला गांव
  • राजस्थान हाईकोर्ट के डोम मामले में पुलिस महानिदेशक राजीव शर्मा हुए पेश
  • प्रगति रिपोर्ट की पेश

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),स्थानीय लोगों की सूचनाओं से तस्करी पर प्रहार: पुलिस महानिदेशक। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राजस्थान पुलिस लगातार निगरानी बढ़ा रही है।पुलिसमहानिदेशक राजीव शर्मा ने मंगलवार को जोधपुर दौरे के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशों के तहत सीमा के अंतिम गांव को पहला गांव मानते हुए सुरक्षा व्यवस्था का लगातार जायजा लिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले स्थानीय नागरिक पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सूचना तंत्र का काम कर रहे हैं और उनकी सूचनाओं के आधार पर नशे की तस्करी सहित अन्य गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
राजस्थान उच्च न्यायालय के डोम के क्षतिग्रस्त होने के मामले में हाई कोर्ट द्वारा लिए गए प्रसंज्ञान के चलते पुलिस महानिदेशक मंगलवार को हाई कोर्ट में पेश हुए और कुड़ी पुलिस थाने में दर्ज मामले की प्रगति रिपोर्ट पेश की।
डीजीपी राजीव शर्मा ने मीडिया से बातचीत करते हुए बताया कि हाल ही में श्रीगंगानगर क्षेत्र में ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़ी सूचना आम नागरिक के माध्यम से पुलिस तक पहुंची थी,जिसके बाद पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र के लोगों को जागरूक कर पुलिस से लगातार समन्वय बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

रंगाई छपाई का दूषित पानी सीवर लाइन से जोजरी में छोड़ा चार लोगों पर केस दर्ज

जोधपुर प्रवास के दौरान डीजीपी ने राजस्थान हाईकोर्ट के क्षतिग्रस्त डोम प्रकरण में न्यायालय में निर्धारित पेशी पर उपस्थित होकर पुलिस की ओर से मांगी गई तथ्यात्मक रिपोर्ट पेश की। पेशी के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर मामले में अब तक हुई जांच, कार्रवाई और गिरफ्तारियों की समीक्षा की।

डीजीपी ने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा,उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
डीजीपी ने जोजरी नदी प्रकरण में न्यायालय के आदेशों की पालना में हुई कार्रवाई की भी जानकारी ली। इसके अलावा राजस्थान हाईकोर्ट के जर्जर भवन से जुड़े वर्ष 2024 में दर्ज प्रकरण में अब तक हुई गिरफ्तारियों और जांच की प्रगति की समीक्षा की गई।

जोधपुर में ली क्राइम मीटिंग 
जोधपुर में क्राइम बैठक में पुलिस कमिश्नर अंशुमान भोमिया,डीसीपी मनीष चौधरी,डीसीपी कमल शेखावत,ग्रामीण एसपी पंकज यादव सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। डीजीपी के साथ जयपुर से वरिष्ठ पुलिस अधिकारी वीके सिंह भी जोधपुर पहुंचे।
पुलिस महानिदेशक ने जोधपुर में बदलते अपराध के स्वरूप को लेकर भी अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की और अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने नशे की तस्करी के साथ साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की बात कही।

जोजरी नदी प्रकरण पर गंभीर 
डीजीपी राजीव शर्मा ने कहा कि जोजरी नदी और हाईकोर्ट प्रकरण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गलती सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

जोधपुर में 5000 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगेंगे 
इसके साथ ही उन्होंने जोधपुर में 5000 अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए स्वीकृति मिलने की जानकारी दी। डीजीपी ने कहा कि तकनीक के जरिए पुलिस की निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।