नगरीय निकायों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के चुनाव आगामी आदेश तक स्थगित

  • ईवीएम में तकनीकी खराबी
  • कुछ बूथों के परिणाम घोषित नहीं हुए
  • राज्य निर्वाचन आयोग का निर्णय

जयपुर/जोधपुर (दूरदृष्टीन्यूज), नगरीय निकायों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के चुनाव आगामी आदेश तक स्थगित। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा 19 अगस्त, 2026 को जारी प्रेस नोट के माध्यम से नगरीय निकाय आम चुनाव अगस्त-सितम्बर, 2026 का कार्यक्रम घोषित किया गया था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष पदों के चुनाव के लिए लोक सूचना 15 सितंबर,2026 को जारी किया जाना प्रस्तावित था,जबकि उपाध्यक्ष पद का चुनाव 22 सितंबर, 2026 को होना निर्धारित था।

जोधपुर में वार्ड 50 के बूथ संख्या 338 पर 16 सितंबर को होगा पुनर्मतदान

मतगणना प्रक्रिया के दौरान नगर निगम जोधपुर, नगर निगम कोटा,नगर निगम जयपुर तथा नगर पालिका सुकेत के कुछ मतदान केन्द्रों के परिणाम ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण घोषित नहीं हो सके हैं। परिणाम घोषित नहीं होने की स्थिति में संबंधित नगरीय निकायों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के चुनाव निर्धारित तिथियों पर करवाया जाना संभव नहीं है।

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगर निगम जोधपुर,नगर निगम कोटा,नगर निगम जयपुर तथा नगरपालिका सुकेत के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के चुनाव आगामी आदेश तक स्थगित किए गए हैं।