पर्यवेक्षक इकबाल खान ने की निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा

  • नगरीय निकाय आम चुनाव-2026
  • निर्वाचन प्रक्रिया में निष्पक्षता,पारदर्शिता एवं तटस्थता बनाए रखने के निर्देश

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),पर्यवेक्षक इकबाल खान ने की निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक,आईएएस एवं आयुक्त तथा विशिष्ट शासन सचिव, निःशक्तजन विभाग, राजस्थान,जयपुर इकबाल खान की उपस्थिति में सोमवार को राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केन्द्र (एनआईसी), जोधपुर में निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी, विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों से प्रकोष्ठवार तैयारियों,अब तक की प्रगति,आगामी कार्ययोजना एवं निर्धारित समय-सीमा की जानकारी ली।

प्रकोष्ठवार तैयारियों एवं समन्वय की ली जानकारी
पर्यवेक्षक इकबाल खान ने निर्वाचन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्वाचन प्रकोष्ठ अपने निर्धारित दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन करें। उन्होंने विभिन्न प्रकोष्ठों के मध्य सतत एवं प्रभावी समन्वय बनाए रखने तथा निर्वाचन संबंधी कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होने देने के निर्देश दिए।

स्वतंत्र,निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन सर्वोच्च प्राथमिकता:

खान ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष,पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन संपन्न कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया में पूर्ण निष्पक्षता एवं तटस्थता बनाए रखते हुए राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों,निर्वाचन नियमों एवं प्रावधानों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में संलग्न प्रत्येक अधिकारी एवं कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सजगता एवं उत्तरदायित्व के साथ करें।

आदर्श आचार संहिता की पालना पर विशेष निगरानी
पर्यवेक्षक ने आदर्श आचार संहिता की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने तथा इसके उल्लंघन से संबंधित प्रकरणों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन अवधि में सभी अधिकारी एवं कार्मिक आयोग द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप कार्य करें तथा किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा उल्लंघन की सूचना प्राप्त होने पर उसका नियमानुसार त्वरित संज्ञान लिया जाए।

शिकायतों के त्वरित संज्ञान एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश
पर्यवेक्षक खान ने निर्वाचन से संबंधित प्राप्त शिकायतों एवं प्रकरणों के त्वरित संज्ञान,तथ्यात्मक परीक्षण एवं नियमानुसार निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महत्वपूर्ण अथवा संवेदनशील प्रकरणों की सूचना तत्काल सक्षम स्तर पर उपलब्ध कराई जाए तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निर्वाचन मैनुअल एवं आयोग के दिशा-निर्देशों के अध्ययन पर दिया जोर
खान ने सभी सभी संबंधियों को निर्वाचन मैनुअल एवं राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी अपने अधीनस्थ कार्मिकों को भी उनके दायित्वों एवं निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित प्रावधानों की समुचित जानकारी उपलब्ध कराएं,ताकि निर्वाचन कार्य में एकरूपता एवं प्रक्रियागत शुद्धता बनी।

छह नगर पालिकाओं के लिए मतदान दल मंगलवार को रवाना होंगे

समयबद्ध एवं तथ्यात्मक रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश
खान ने निर्वाचन से संबंधित सूचनाओं एवं रिपोर्टिंग में तथ्यात्मकता, समयबद्धता एवं गोपनीयता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य से जुड़ी प्रत्येक सूचना का संधारण एवं प्रेषण निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाए तथा किसी भी महत्वपूर्ण विषय को लंबित नहीं रखा जाए।

भयमुक्त वातावरण में मतदान के लिए समन्वित प्रयास
खान ने कहा कि मतदाताओं को भयमुक्त, शांतिपूर्ण एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराने के लिए निर्वाचन से जुड़े सभी विभाग एवं प्रकोष्ठ परस्पर समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने कानून-व्यवस्था सहित मतदान संबंधी व्यवस्थाओं की निरंतर समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निर्धारित दायित्वों के निर्वहन में सजगता एवं उत्तरदायित्व पर जोर
पर्यवेक्षक ने कहा कि निर्वाचन लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। अतः निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अधिकारी एवं कार्मिक पूरी सजगता,निष्पक्षता एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष,पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए समन्वित एवं प्रतिबद्ध प्रयास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाओं की सुनिश्चितता
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक रंजन ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए व्यवस्थाओं को समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने दिव्यांगजन, वरिष्ठ नागरिकों एवं अन्य विशेष श्रेणी के मतदाताओं के लिए सुगम एवं समावेशी मतदान व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

बैठक में पुलिस उपायुक्त (पूर्व) मनीष कुमार चौधरी,जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा,उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) जवाहर चौधरी,रिटर्निंग अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर (द्वितीय) रामकिशोर मीणा सहित विभिन्न निर्वाचन प्रकोष्ठों के प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts: