तांबे के तार चुराने वाली शातिर गैंग के तीन सदस्य गिरफ्तार
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),तांबे के तार चुराने वाली शातिर गैंग के तीन सदस्य गिरफ्तार। ओसियां थाना पुलिस और ग्रामीण जिला विशेष टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में सक्रिय चोरी और नकबजनी की एक बड़ी शातिर गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के मुख्य सरगना सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
यह गिरोह दिन में पिकअप गाड़ी से रेकी करता था और रात के अंधेरे में सोलर प्लांट, मोबाइल टॉवरों व मोटर पंप की दुकानों को निशाना बनाता था।
गैंग की गिरफ्तारी से थोब गांव में हुई तांबे के तार चोरी की घटना का पर्दाफाश होने के साथ ही पाली,बाड़मेर, फलोदी और बीकानेर जिलों में की गई कुल 07 वारदातों का भी खुलासा हुआ है।
ग्राम थोब निवासी प्रार्थी धन्नराज प्रजापत ने ओसियां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 अगस्त की रात अज्ञात चोरों ने उनकी पंप मोटर रिवाइंडिंग की दुकान का शटर तोडक़र करीब 2 क्विंटल नए-पुराने तांबे के वायर पिकअप में भरकर चुरा लिए। पुलिस ने मामले में जांच करते हुए 3 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ करने पर आरोपियों ने थोब गांव में शटर तोडक़र तांबे के तार चुराने की बात कबूल कर ली। मामले में पुलिस ने गिरोह के देड़ा थाना शेरगढ़ निवासी राजूराम पुत्र देवाराम भील, बेलवा राजगढ़ निवासी बीरमा राम उर्फ बीरू पुत्र बुद्धा राम भील और निवासी चौथाराम उर्फ सवाईराम पुत्र गजाराम भील को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने कई अन्य बड़ी वारदातों का भी खुलासा किया है। जिसके करीब दो-तीन महीने पहले पाली जिले के चोटीला क्षेत्र के आसपास मोबाइल टावरों से बैटरी चुराने,बीकानेर- फलोदी हाईवे पर एक दुकान का शटर तोडक़र तांबे के तार चुराने, जबकि बीकानेर सीमा क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन के वायर गोदाम से भारी मात्रा में एल्युमिनियम के तार चुराने की वारदात भी स्वीकारी है। गिरोह ने 13 अगस्त की रात जैसलमेर के रामदेवरा के पास स्थित एक सोलर प्लांट में सेंध लगाकर पीतल की चोरी करने की बात भी कबूल की है।
