तालाब में डूबने से दो नाबालिगों की मौत

ग्रामीणों में रोष

जोधपुर/धवा(दूरदृष्टीन्यूज),तालाब में डूबने से दो नाबालिगों की मौत। करवड़ थाना क्षेत्र में रविवार को घर से खेलने निकले दो नाबालिग बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। दोनों के शव सोमवार सुबह गांव के श्मशान के पास जेडीए की ओर से काटी गई कॉलोनी में भरे पानी में तैरते मिले। घटना की सूचना मिलते ही करवड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।

राष्ट्र निर्माण में पत्रकारों की भूमिका अहम: दया जोशी

ऐसे हुआ हादसा
करवड़ थाना अधिकारी परमेश्वरी ने बताया कि
दोनों बच्चे रविवार दोपहर घर से खेलने के लिए निकले थे। रात होने तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास तलाश की,लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के श्मशान के पास जेडीए द्वारा विकसित की जा रही कॉलोनी में भरे पानी में दो शव तैरते देखे।

सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे।
मृतकों की पहचान विष्णु पटेल (13) पुत्र सोहन राम और नीतेश (11) पुत्र ओमाराम,निवासी लोरड़ी पंडितजी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में पता चला कि घटनास्थल पर चिकनी मिट्टी थी। आशंका है कि खेलते समय पैर फिसलने से दोनों बच्चे पानी में गिर गए और गहरे पानी में डूब गए।

जेडीए की लापरवाही पर उठे सवाल
घटना के बाद गांव में शोक के साथ रोष भी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जेडीए ने कॉलोनी काटने के बाद बरसात के पानी की निकासी और सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए। कॉलोनी में कई फीट पानी भरा हुआ है और चारों तरफ कोई बैरिकेडिंग या चेतावनी बोर्ड नहीं लगा है।

ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते पानी की निकासी और सुरक्षा व्यवस्था की जाती तो दो मासूमों की जान बच सकती थी। लोगों ने जेडीए प्रशासन से कॉलोनियों में सुरक्षा मानक लागू करने और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

परिवारों में कोहराम,गांव में शोक
दोनों मृतक बच्चों के पिता किसान हैं। घर में एकमात्र कमाने वाले होने के कारण परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की खबर फैलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। स्कूल के साथी और रिश्तेदार भी अंतिम दर्शन के लिए अस्पताल पहुंचे।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। करवड़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और जेडीए से भी इस संबंध में जवाब तलब किया जाएगा।