निजी स्कूलों में फायर एनओसी का विरोध
नगर निगम में संचालकों का प्रदर्शन
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),निजी स्कूलों में फायर एनओसी का विरोध। गैर सरकारी विद्यालय बचाओ संघर्ष समिति के तत्वावधान में बुधवार को दोपहर में जोधपुर नगर निगम पर अग्निशमन (फायर) एनओसी की अनिवार्यता के विरोध में प्रदर्शन किया गया।
हफ्ता नहीं दिया तो लगा दी आग दो बसें जलकर राख
उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा गैर सरकारी विद्यालयों को फायर एनओसी के नाम पर नोटिस जारी कर विद्यालयों को सील करने की कार्रवाई की जा रही है,जिससे विद्यालय संचालकों में भारी रोष है।
उन्होंने कहा कि अधिकांश छोटे एवं किराए के भवनों में संचालित विद्यालयों में आग लगने का प्रमुख कारण केवल शॉर्ट सर्किट हो सकता है। ऐसी स्थिति में पर्याप्त संख्या में फायर सिलेंडर उपलब्ध होने तथा विद्यालय स्टाफ को आपदा प्रबंधन एवं अग्निशमन का प्रशिक्षण दिए जाने से किसी भी आकस्मिक स्थिति का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है।
बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालना भी संभव है। इसलिए अनावश्यक रूप से महंगे फायर एनओसी की बाध्यता थोपना और विद्यालयों पर ताले लगाने जैसी कार्रवाई शिक्षा व्यवस्था पर कुठाराघात है। समिति का कहना है कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे के लिए सुलभ एवं उसके घर के निकट उपलब्ध होनी चाहिए। यही भावना शिक्षा के अधिकार (आरटीई) अधिनियम में भी निहित है।
ऐसे में छोटे गैर सरकारी विद्यालयों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालना और उन्हें बंद करने की स्थिति उत्पन्न करना न्यायसंगत नहीं है। इस दौरान कई निजी स्कूलों के संचालक मौजूद रहे। उन्होंने अपनी मांगों का एक ज्ञापन भी सौंपा।
