Doordrishti News Logo

निजी बस स्टेण्ड में यात्री के सूटकेस से आभूषण चोरी

  • 20 मिनट में सूटकेस का लॉक तोड़ कर उड़ाए 4 तोला सोना,30 तोला चांदी के जेवरात
  • सीसीटीवी फुटेज से तलाश

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),निजी बस स्टेण्ड यात्री के सूटकेस से आभूषण चोरी। शहर के प्रतापनगर बस स्टैंड पर खड़ी निजी बस में यात्रियों का ध्यान भटका कर सूटकेस का ताला तोडक़र लाखों रुपये के आभूषण व नकदी चोरी करने का मामला सामने आया है। पीडि़त ने प्रतापनगर थाने में रिपोर्ट दी है।

पचास हजार फलदार पौधों का रोपण अभियान शुरू

पुलिस ने बताया कि बाड़मेर जिले के मंडली निवासी तथा वर्तमान में पाली में सब्जी का ठेला लगाने वाले मोहनराम देवासी पुत्र तुलसाराम ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि गत 6 जुलाई को वह पत्नी व बच्चों के साथ गांव जाने के लिए पाली से रवाना हुए थे। पत्नी जोधपुर में अपने पीहर कुड़ी भगतासनी उतर गई, जबकि वह अपने 19 वर्षीय पुत्र के साथ प्रतापनगर बस स्टैंड से मंडली जाने वाली बस में सवार हुए। बस रवाना होने में समय होने पर वह बेटे को बस में छोडक़र पानी की बोतल और खाने का सामान लेने नीचे उतर गए। तब बस में बैठे कुछ लोगों ने उनका सूटकेस सीट के आगे स्टेपनी के ऊपर रखने की सलाह दी, जिस पर उन्होंने भरोसा कर सामान वहां रख दिया।

तीन संदिग्ध छेड़छाड़ करते दिखे 
पीड़ित के अनुसार करीब 15 से 20 मिनट बाद लौटने पर सूटकेस का ताला टूटा हुआ मिला और उसमें रखा सामान गायब था। बेटे ने बताया कि तीन संदिग्ध व्यक्ति बैग के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। पूछने पर उन्होंने कहा कि उनका सामान गिर गया था और उसे ठीक कर रहे हैं। तब एक व्यक्ति बच्चे के सामने खड़ा हो गया ताकि वह बैग से की जा रही छेड़छाड़ नहीं देख सके।

आभूषण और नगदी थी 
सूटकेस में करीब 4 तोला सोने के आभूषण (गले की टूसी व झूमके),30 तोला चांदी का कमर कंदोरा तथा 9 हजार रुपये नकद रखे हुए थे,जिन्हें आरोपी चुरा ले गए।