ट्रक और डम्पर की टक्कर में एक चालक की मौत, तीन घायल
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),ट्रक और डम्पर की टक्कर में एक चालक की मौत,तीन घायल। शेरगढ़ क्षेत्र के मेगा हाईवे पर गुरुवार सुबह करीब साढ़े चार बजे नाहरसिंह नगर के पास भीषण सडक़ हादसा हो गया। ट्रक और डम्पर की आमने-सामने की टक्कर में गुजरात के रहने वाले एक चालक की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि कपासिया,गुजरात निवासी 40 वर्षीय कल्ला भाई पुत्र नेता भाई ट्रक लेकर फलोदी की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे डम्पर से उसकी गाड़ी की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक कल्ला भाई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे में ट्रक में सवार धन्ना भाई घायल हो गए।
पश्चिमी राजस्थान में भीषण गर्मी का कहर
डम्पर चालक बायतु निवासी कंवराज और खलासी घमंडाराम भी जख्मी हुए हैं। तीनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हालत में मिले और चालक- खलासी केबिन में फंसे हुए थे।
स्थिति इतनी गंभीर थी कि जेसीबी बुलाकर चैन की मदद से दोनों वाहनों को अलग करना पड़ा। काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला जा सका। जानकारी के अनुसार वाहन में प्लास्टिक के रोल भरे हुए थे,जिनका उपयोग तिरपाल बनाने में किया जाता है।
