तीन सूने मकानों से लाखों के आभूषण और नगदी चोरी
एक में परिवार का मुखिया मजदूरी पर गया तो दूसरे में दिनदहाड़े लगी सैंध
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),तीन सूने मकानों से लाखों के आभूषण और नगदी चोरी। कमिश्नरेट में वाहन चोरों के साथ नकबजनों ने सैंधमारी करना जारी रखा हुआ है। गत 24 घंटों में शहर के मथानिया,कुड़ी और प्रताप नगर पुलिस थाना क्षेत्र के तीन मकानों में चोरी हुई है। अज्ञात चोर घरों से जेवरात और नगदी के साथ पानी की मोटर,गैस सिलेण्डर आदि चोरी कर ले गए है। संबंधित थाना पुलिस अब प्रकरण की जांच में जुटी है।
मथानिया थाना
मथानिया थानाधिकारी कैलाशी ने बताया कि आदर्श विद्या मंदिर विद्यालय के पीछे मथानिया के रहने वाले माधुराम पुत्र फूसाराम प्रजापत की तरफ से रिपोर्ट दी गई। इसमें बताया कि 27 मई को वह अपनी मजदूरी पर चला गया था। परिवार के लोग बाहर गए हुए थे।
ट्रक और डम्पर की टक्कर में एक चालक की मौत, तीन घायल
रात आठ बजे वह लौटा तो अंदर जाने पर पता लगा कि सारा सामान बिखरा पड़ा है। चोर घर के पीछे की खिडक़ी से अंदर दाखिल हुए और अलमारी बक्सों में रखे जेवरात चोरी कर गए। तकरीबन 10-12 तोला सोना,कुछ चांदी के आभूषण चोरी हुए है।
थानाधिकारी कैलाशी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज देखकर चोरों की पहचान के साथ तलाश की जा रही है।
कुड़ी भगतासनी थाना
कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड 8/27 के रहने वाले नरेश कुमार पुत्र जगदीश लाल सीरवी की तरफ से थाने में रिपोर्ट दी गई। इसमे बताया कि उनके परिवार के सदस्य इन दिनों पटना (बिहार) गए हुए हैं। 26 मई को वह रोजाना की तरह अपने कार्यालय चला गया।
इस बीच घर सूना पड़ा था। शाम को वापिस लौटा तब मुख्य गेट का ताला सही मिला,लेकिन मकान के साइड वाले दरवाजे के दोनों ताले टूटे हुए थे। घर में प्रवेश करने पर पता लगा कि कमरों की अलमारियों के ताले भी टूटे पड़े थे और सामान बिखरा हुआ था। इस पर पता लगा कि चोर घर से दो चांदी की पायल की जोड़ी,एक तोले का मंगलसूत्र, नाक फीणी व 43 हजार रुपए चोरी कर गए है। कुड़ी पुलिस ने मौका मुआयना के बाद अब जांच आरंभ की है।
प्रतापनगर थाना
डिफेंस कॉलोनी कमला नेहरू नगर प्रतापनगर निवासी पूरण सिंह बडग़ुर्जर ने मामला दर्ज कराया कि रात के समय में उसके घर से पानी की मोटर, मीटर,गैस सिलेण्डर एवं सैनेट्री व बिजली का सामान अज्ञात चोरी कर ले गया। वहां पर निर्माण कार्य में प्रयुक्त होने वाली सामग्री भी पड़ी थी वह भी चोरी हो गई। सुबह प्रतापनगर पुलिस ने मौका मुआयना किया और प्रकरण दर्ज किया है,अग्रिम पड़ताल जारी है।
