तीसरेे दिन बड़ली में पड़ाव श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी कई संस्थाएं

भोगीशैल परिक्रमा यात्रा

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),तीसरेे दिन बड़ली में पड़ाव श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी कई संस्थाएं। शहर में भोगिशैल परिक्रमा यात्रा भजन कीर्तन करते हुए आगे बढ़ रही है। यात्रा के तीसरे दिन का पड़ाव बड़ली में किया गया। इस दौरान पूरे रास्ते व पड़ाव स्थलों पर श्रद्धालुओं की सेवा में कई संस्था, समितियां जुटी हुई हैं। यात्रियों के साथ पूर्व महारानी हेमलता राज्ये भी पदयात्रा कर रही हैं।

हिन्दू सेवा मण्डल जोधपुर द्वारा निकाली जा रही परिक्रमा यात्रा ने आज तीसरे दिन सुबह चौपासनी से प्रस्थान किया। यात्रा हथकरघा भवन,दंताल माता मंदिर,श्रीजी बैठक, कच्छवाहा चौराहा,अरना तीर्थ,झरना तालाब, भदरेसिया,हाड़माता मंदिर, कदमकंडी की सीढिय़ां होते हुए बड़ली पहुंची।

कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा की अब जोधपुर में छापेमारी

अगले दिन 28 मई को यात्रा बड़ली से प्रस्थान कर केरू-बेरू रोड,सोढ़ों की ढाणी,रूपावतों का बेरा, कुई बावड़ी,भूरी बेरी, अक्षरधाम मंदिर,पन्नालाल गौशाला,बृहस्पति कुण्ड होते हुए वैद्यनाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी। विश्राम वैद्यनाथ महादेव क्षेत्र में रहेगा।

परिक्रमा यात्रा आयोजन समिति के संयोजक नरेश जाजड़ा व सचिव विष्णुचन्द्र प्रजापत ने बताया कि सैनाचार्य अचलानंद गिरी के सानिध्य में हेमलता राज्ये हजारों यात्रियों के साथ भोगिशैल परिक्रमा यात्रा कर रही हैं। पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर आयोजित धार्मिक परिक्रमा के तीसरे दिन श्रद्धालुओं की सेवा एवं सुविधा के लिए समाज सेवियों ने विभिन्न व्यवस्था कर सेवा भावना का परिचय दिया।

परिक्रमा में शामिल श्रद्धालु रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में भजन-कीर्तन करते हुए नाचते-गाते नजर आए। परिक्रमा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग संस्थाएं सेवा भाव के साथ काम कर रही हैं। परिक्रमा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पानी से लेकर नाश्ते आदि की व्यवस्था सामाजिक संगठनों की ओर से की गई है।