कलक्टर ने कुड़ी हौद व कायलाना जलापूर्ति का किया निरीक्षण

  • पेयजल परिवहन व्यवस्थाओं की समीक्षा कर टैंकर एवं ट्रैक्टर बढ़ाने के दिए निर्देश
  • कायलाना में जल आवक, जलस्तर एवं तखत सागर ट्रांसफर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
  • समस्याग्रस्त क्षेत्रों में अविलंब टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),कलक्टर ने कुड़ी हौद व कायलाना जलापूर्ति का किया निरीक्षण। जिले में भीषण गर्मी एवं बढ़ती पेयजल मांग के मद्देनजर जिला कलक्टर आलोक रंजन ने रविवार को पेयजल आपूर्ति व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सर्वप्रथम कुड़ी हौद फिल्टर प्लांट पहुंचकर पेयजल परिवहन व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा इसके पश्चात कायलाना पहुंचकर नहरी जल आवक एवं जल भंडारण व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

कुड़ी हौद फिल्टर प्लांट पर पेयजल परिवहन की समीक्षा
जिला कलक्टर आलोक रंजन ने कुड़ी हौद फिल्टर प्लांट का निरीक्षण कर तहसील झंवर,लूणी, जोधपुर एवं कुड़ी भगतासनी क्षेत्र में संचालित पेयजल परिवहन व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान संबंधित क्षेत्रों की पेयजल मांग एवं जलापूर्ति व्यवस्था की जानकारी ली।

समीक्षा के दौरान पाया गया कि संबंधित ग्रामों में पेयजल मांग 30 एलपीसीडी मानक के अनुरूप नहीं हो पा रही है। इस पर जिला कलक्टर ने पेयजल परिवहन कार्य में लगे संवेदकों को टैंकर एवं ट्रैक्टरों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए ताकि बढ़ती मांग के अनुरूप जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल परिवहन व्यवस्था की सतत मॉनिटरिंग की जाए तथा अंतिम छोर तक जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही समस्याग्रस्त क्षेत्रों में प्राथमिकता के आधार पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं की जाएं।

25 मई को लगेगा कैंपस प्लेसमेंट शिविर

कायलाना में नहरी जल आवक एवं जलस्तर का लिया जायजा

जिला कलक्टर आलोक रंजन ने कायलाना पहुंच कर वहां की पेयजल व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने नहर से हो रही जल आवक एवं कायलाना के वर्तमान जलस्तर की जानकारी ली तथा जल भंडारण की स्थिति की समीक्षा की।

इस दौरान उन्होंने कायलाना से तखत सागर में जल स्थानांतरण के लिए स्थापित पम्पों का भी निरीक्षण किया तथा उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।

जलस्तर सामान्य होने पर नियमित आपूर्ति एवं समस्याग्रस्त क्षेत्रों में त्वरित जलापूर्ति के निर्देश
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कायलाना का जलस्तर शीघ्र सामान्य होने पर नियमित जलापूर्ति व्यवस्था प्रारंभ की जाए, जिससे आमजन को राहत मिल सके। उन्होंने विशेष रूप से निर्देशित किया कि जिन क्षेत्रों में पेयजल संबंधी समस्या उत्पन्न हो रही है,वहां तत्काल प्रभाव से टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए तथा किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट की स्थिति नहीं बनने दी जाए।

उन्होंने वर्तमान परिस्थितियों में जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग द्वारा किए जा रहे प्रयासों पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि आमजन तक निर्बाध पेयजल उपलब्ध करवाना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा सभी विभाग समन्वित रूप से कार्य करें। इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा तथा जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग (नगर वृत्त) के अधीक्षण अभियंता राजेन्द्र मेहता उपस्थित थे।