सर्विस इम्प्रूवमेंट ग्रुप की बैठक में रेल यात्रियों की सुविधाओं के उन्नयन पर जोर

यात्री शिकायतों पर तुरंत हो कार्रवाई

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),सर्विस इम्प्रूवमेंट ग्रुप की बैठक में रेल यात्रियों की सुविधाओं के उन्नयन पर जोर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर रेलवे स्टेशन पर शनिवार को आयोजित रेलवे सर्विस इम्प्रूवमेंट ग्रुप की बैठक में यात्री सुविधाओं के संरक्षण और उनके उन्नयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने की।

बैठक में सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने रेलवे स्टेशन के निरीक्षण के दौरान सामने आई कमियों को दूर करने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा उठाए गए कदमों की जानकारी दी।शेष कार्यों के लिए लक्ष्य भी निर्धारित किए गए।

अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम ने कहा कि ग्रीष्मावकाश के दौरान प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की आवाजाही में अचानक वृद्धि हुई है। ऐसे में स्वच्छता,पेयजल और बिजली व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता है। उन्होंने रेल पटरियों के आसपास सफाई व्यवस्था मजबूत करने, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम विकसित करने तथा आरपीएफ कंट्रोल के माध्यम से सीसीटीवी कैमरों द्वारा स्टेशन और यार्ड क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने पर भी जोर दिया।

बंगाल विजय का जश्न: जोधपुर भाजपा कार्यालय में गूंजे ‘जय श्रीराम’ के नारे

बैठक में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने,स्टेशन परिसरों की साफ-सफाई,पेयजल व्यवस्था,प्रतीक्षालयों की स्थिति, खानपान सेवाओं की गुणवत्ता तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। विभिन्न यात्री संगठनों एवं रेलवे अधिकारियों ने सुझाव देते हुए कहा कि स्टेशनों पर मूलभूत सुविधाओं के साथ डिजिटल सूचना प्रणाली और यात्री सहायता सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए। अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर सुविधाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है।

अपर मंडल रेल प्रबंधक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा स्टेशन परिसरों में स्वच्छता और सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

बैठक में रेलवे अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ सीताराम बुनकर,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (संकेत एवं दूरसंचार) अनुपम कुमार,वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (लाइन) ललित कुमार,सहायक परिचालन प्रबंधक उमराव मीणा,सहायक मंडल सुरक्षा आयुक्त लक्ष्मण गौड़ तथा स्टेशन अधीक्षक विजयलाल शर्मा सहित मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारी,इंजीनियर,सुपरवाइजर और निरीक्षक उपस्थित थे।