बिलाड़ा में स्कूली बच्चों से भरी वैन पलटी,बड़ा हादसा टला
- मोबाइल देखते हुए गाड़ी चला रहा था ड्राइवर
- बबूल के पेड़ों में फंसी
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),बिलाड़ा में स्कूली बच्चों से भरी वैन पलटी,बड़ा हादसा टला। जिले के बिलाड़ा क्षेत्र में मंगलवार सुबह चोपड़ा फीडर नहर के पास आदर्श विद्या मंदिर सैकंडरी स्कूल की एक वैन जेतिवास रोड पर अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे पलट गई। गनीमत रही कि वैन नहर के पास गहरे गड्ढे में नहीं गिरी,अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के समय वैन में 10-12 स्कूली बच्चे सवार थे,जो सुरक्षित हैं। हालांकि,इनमें से 5-6 बच्चों को मामूली चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों और बच्चों के अनुसार,यह हादसा वैन चला रहे नए ड्राइवर की लापरवाही के कारण हुआ,जो गाड़ी चलाते समय लगातार मोबाइल फोन देख रहा था। हादसे के बाद सहमे हुए स्कूली बच्चों ने बताया कि उनका नियमित ड्राइवर आज नहीं आया था और उसकी जगह कोई नया ड्राइवर वैन चला रहा था। बच्चों के अनुसार ड्राइवर लगातार मोबाइल फोन देख रहा था,जिससे गाड़ी सडक़ पर अनियंत्रित होकर इधर-उधर लहरा रही थी। इसी लापरवाही के कारण वैन सडक़ से नीचे उतर गई और एक तरफ पलट गई। बच्चों ने बताया कि वैन पलटने के बाद वे पीछे का गेट खोलकर सुरक्षित बाहर निकले।
साल भर पहले किशोरी से गैंग रेप: वीडियो वायरल करने पर केस दर्ज आरोपी डिटेन
घटना स्थल पर मौजूद प्रत्यक्ष दर्शियों ने बताया कि वैन सडक़ से उतरकर जिस तरफ पलटी,वहां चोपड़ा नहर का गहरा गड्ढा है। गनीमत रही कि गड्ढे के किनारे बबूल के पेड़ थे,जिससे वैन वहीं रुक कर पलट गई। यदि वैन और आगे जाती तो वह सीधे गहरे गड्ढे में गिर सकती थी,जिससे कई बच्चों की जान को खतरा हो सकता था।
