फील्ड ट्रेनर्स के द्वितीय बैच का प्रशिक्षण आरम्भ
- जनगणना 2027
- डिजिटल जनगणना को समयबद्ध व त्रुटिरहित पूर्ण करने के निर्देश
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),फील्ड ट्रेनर्स के द्वितीय बैच का प्रशिक्षण आरम्भ। जनगणना 2027 के प्रथम चरण-मकान सूचीकरण एवं मकान गणना के सफल क्रियान्वयन के लिए जिले के फील्ड ट्रेनर्स के द्वितीय बैच का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम गुरुवार से राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में आरम्भ हुआ। कार्यक्रम का शुभारम्भ जवाहर चौधरी,जिला जनगणना अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) जोधपुर, मीनाक्षी चौधरी,उप जिला जनगणना अधिकारी एवं संयुक्त निदेशक,आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग जोधपुर तथा जिला समन्वयक सुरेश चन्द मीना की उपस्थिति में हुआ।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जवाहर चौधरी ने कहा कि जिले के प्रगणक से लेकर चार्ज अधिकारी तक सभी अधिकारी-कर्मचारी अपने जनगणना संबंधी दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा,ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ करें,जिससे किसी भी प्रकार की प्रतिकूल स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 देश की प्रथम डिजिटल जनगणना है,जिसके अंतर्गत सभी प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों के पास उपयुक्त डिजिटल मोबाइल उपकरण होना आवश्यक है।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को समयबद्धता एवं अनुशासन का पालन करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही अवगत कराया कि तीन दिवसीय प्रशिक्षण के उपरांत फील्ड ट्रेनर्स द्वारा जिले के विभिन्न चार्ज क्षेत्रों में प्रगणकों एवं सुपरवाइजर्स को प्रशिक्षित किया जाएगा। फील्ड कार्य 16 मई से 14 जून 2026 तक संचालित होगा,जिसमें मोबाइल एप के माध्यम से घर-घर जाकर आंकड़े संकलित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 1 मई से 15 मई 2026 तक स्वगणना का कार्य भी किया जाएगा, जिससे नागरिक स्वयं अपने परिवार का विवरण सरल एवं सुरक्षित रूप से दर्ज कर सकेंगे।
वरिष्ठ मंडल सामग्री प्रबंधक अरविंद शर्मा को भावभीनी विदाई
प्रशिक्षण के अंतिम दिवस पर प्रतिभागियों को समूह चर्चा एवं फील्ड अभ्यास भी करवाया जाएगा, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हो सके। मीनाक्षी चौधरी ने अपने उद्बोधन में जवाहर चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों को प्रशिक्षण पूर्ण सजगता एवं गंभीरता से प्राप्त करने तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करने के निर्देश दिए।
द्वितीय बैच के इस प्रशिक्षण में जोधपुर,चामू,लूणी,डांवर बिलाड़ा, भोपालगढ़,बावड़ी,बालेसर, मथानियां एवं पीपाड़ शहर चार्ज क्षेत्रों के 37 फील्ड ट्रेनर्स भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण जनगणना निदेशालय जयपुर के मास्टर ट्रेनर करण यादव एवं जिला जोधपुर के मास्टर ट्रेनर रामलाल द्वारा प्रदान किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस पर मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रतिभागियों को जनगणना 2027 का परिचय, कानूनी प्रावधान,प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण की प्रक्रिया, जनगणना में प्रयुक्त प्रमुख अवधारणाएं,एचएलबी सीमाएं, ले-आउट गानचित्रों की तैयारी तथा एचएलओ से संबंधित प्रश्नों का विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
