जोधपुर स्टेशन पर डीआरएम का औचक निरीक्षण

  • ग्रीष्मावकाश में सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश
  • स्वच्छता,पेयजल और टिकटिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर फोकस
  • मीटिंग लेकर डीआरएम ने व्यवस्थाओं के उन्नयन व संरक्षण के दिए निर्देश

जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),जोधपुर स्टेशन पर डीआरएम का औचक निरीक्षण। ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बढ़ते यात्री दबाव को देखते हुए जोधपुर मंडल डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने मंगलवार को जोधपुर रेलवे स्टेशन का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रियों को बेहतर एवं उच्च स्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने पेयजल,स्वच्छता, प्रतीक्षालय, शौचालय,प्रकाश व्यवस्था एवं टिकट व्यवस्था सहित सभी मूलभूत यात्री सुविधाओं की गहन जांच की। साथ ही प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेनों का आकस्मिक निरीक्षण कर यात्रियों से सीधे संवाद कर फीडबैक भी लिया।

उन्होंने ऑनबोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (ओबीएचएस) एवं क्लीन ट्रेन सिस्टम (सीटीएस) से जुड़े अधिकारियों और सुपरवाइजर्स से चर्चा कर सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने तथा अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्राइमरी ट्रेन मेंटेनेंस को लेकर भी अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

निरीक्षण के दौरान सफाई कर्मचारियों को स्वच्छता के सभी मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए,ताकि स्टेशन परिसर में उच्च स्तर की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।

नर्सेज संगठन का राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन में विलय

इस दौरान डीआरएम ने स्टेशन पुनर्विकास के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण विभाग के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी लेकर समयबद्ध कार्य पूर्ण करने पर जोर दिया। निरीक्षण में पाई गई कमियों पर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।

डीआरएम ने स्पष्ट किया कि गर्मी की छुट्टियों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सभी कमियों को प्राथमिकता से दूर किया जाए और यात्रियों को बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। सभी व्यवस्थाओं की निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक लेकर की समीक्षा
निरीक्षण के बाद डीआरएम ने कार्यालय सभागार में बैठक लेकर यात्री सुविधाओं एवं सफाई व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान कैरेज एंड वैगन,पावर, ईएनएचएम तथा वाणिज्य विभाग के अधिकारियों व सुपरवाइजर्स के साथ विस्तृत चर्चा कर बेहतर समन्वय पर जोर दिया।

लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुविधा,सुरक्षा एवं स्वच्छता सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।