हरहर महादेव से गूंजा केदारनाथ, कपाट खुले
- PM मोदी बोले यात्रा में लें ये 5 संकल्प
- चारधाम यात्रा शुरू
- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किए बाबा केदार के दर्शन
- हजारों श्रद्धालु पहुंचे
देहरादून(दूरदृष्टीन्यूज),हरहर महादेव से गूंजा केदारनाथ,कपाट खुले। उत्तराखंड के पवित्र केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को धार्मिक अनुष्ठान के साथ विधि-विधान से खोल दिए गए। सुबह जैसे ही कपाट खुले मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारे से गूंज उठा। इस अवसर पर हजारों भक्तों ने बाबा केदार के पहले दर्शन कर पुण्य कमाया।
PM मोदी के 5 संकल्प
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश वासियों को शुभकामनाएं देते हुए यात्रियों से 5 संकल्प अपनाने की अपील की है।
1- स्वच्छता बनाए रखें
2- पर्यावरण संरक्षण के प्रति सजग रहें
3-सेवा और सहयोग की भावना बढ़ाएं
4-स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करें
5-यात्रा के नियमों का पालन करें
प्रधानमंत्री ने डिजिटल उपवास रखने और उत्तराखंड की प्राकृतिक- आध्यात्मिक सुंदरता को आत्मसात करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा एक भारत,श्रेष्ठ भारत की भावना को मजबूत करती है।
मुख्यमंत्री धामी भी पहुंचे धाम
इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी केदारनाथ पहुंचे। उन्होंने पूजा कर राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की और यात्रा इंतजामों का जायजा लिया।
इस अवसर पर CM धामी ने कहा कि केदारनाथ धाम सनातन आस्था का प्रमुख केंद्र है। भारत की समृद्ध आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष भी चारधाम यात्रा नए कीर्तिमान स्थापित करेगी। मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए किए गए व्यापक इंतजामों की जानकारी दी और प्रदेश वासियों से श्रद्धालुओं के प्रति सेवा व आतिथ्य भाव बनाए रखने की अपील की।
कपाट खोले जाने से पहले भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से गुप्तकाशी,फाटा और गौरीकुंड होते हुए मंगलवार शाम धाम पहुंच गई थी। बुधवार प्रातः 5 बजे से पूजा- अर्चना की प्रक्रिया शुरू हुई और इसके बाद रावल भीमाशंकर लिंग, पुजारी टी गंगाधर,मुख्यमंत्री धामी, विधायक आशा नौटियाल तथा धर्माचार्यों ने गर्भगृह में विधिवत पूजा-अर्चना की और लोककल्याण के संकल्प के साथ कपाट खोल दिए।
कपाट खुलने के अवसर पर केदारनाथ मंदिर में लगभग 51 क्विंटल फूलों से भव्य सजावट की गई। जैसे ही मंदिर के कपाट खुले तभी हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई,और श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के जयघोष से पूरा परिसर गूंजा दिया और श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
इस अवसर पर समारोह में गीता धामी,बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी,जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत,ब्लॉक प्रमुख पंकज शुक्ला, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा,पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि,तीर्थ पुरोहित,हकहकूकधारी और श्रद्धालु उपस्थित थे।
चारधाम अपडेट
गंगोत्री-यमुनोत्री के कपाट 19 अप्रैल को खुल चुके हैं। बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल को खुलेंगे। सरकार ने सुरक्षा,स्वास्थ्य और यातायात के पुख्ता इंतजाम किए हैं। इस वर्ष भी चारधाम तीर्थ यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल है।
