युवक को ढाबे पर बुलाकर थार सवार बदमाशों ने की फायरिंग
- कार को मारी टक्कर
- जान बचाकर भागा युवक
- ढाबे में घुसकर की तोडफ़ोड़ आरोपियों की तलाश जारी
जोधपुर(दूरदृष्टीन्यूज),युवक को ढाबे पर बुलाकर थार सवार बदमाशों ने की फायरिंग। शहर में थार सवार बदमाशों ने एक स्विफ्ट कार को टक्कर मार दी। फिर फायरिंग कर दहशत फैलाई। गोलियों की आवाज से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से एक संदिग्ध गाड़ी को जब्त किया है। घटना जोधपुर के डांगियावास थाना इलाके के बिसलपुर फांटा की शनिवार शाम की है। इसका वीडियो आज सामने आया है।
डांगियावास थानाधिकारी दौलाराम ने बताया कि घटना को लेकर पीडि़त ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट के अनुसार पीडि़त ने बताया कि चांदेलाव निवासी प्रकाश ने फोन करके बिसलपुर फांटा पर स्थित एक ढाबे के बाहर बुलाया था। जैसे ही वह मौके पर पहुंचा। प्रकाश और उसके साथियों ने अपनी थार गाड़ी से उसकी कार को टक्कर मार दी। कार को टक्कर मारने के बाद बदमाशों ने थार से पीछा किया। वह अपनी जान बचाने के लिए ढाबे के अंदर घुस गया। हमलावरों ने वहां भी घुसकर जमकर तोडफ़ोड़ की और फायरिंग की।
छात्राओं से छेड़छाड़ व मारपीट का आरोपी युवक पकड़ा गया
थानाधिकारी दौलाराम के अनुसार घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची,लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। हालांकि पुलिस ने घटनास्थल से एक संदिग्ध गाड़ी को बरामद कर लिया है,जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पॉक्सो प्रकरण के बाद रंजिश का संदेह
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इस जानलेवा हमले के पीछे पुरानी रंजिश है। पुलिस के अनुसार,मुख्य आरोपी प्रकाश पूर्व में बनाड़ थाने में दर्ज पॉक्सो एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार हो चुका है। इसी केस की वजह से पीडि़त से पुरानी दुश्मनी चल रही है।एडीसीपी (ईस्ट) वीरेंद्रसिंह ने बताया कि फायरिंग की घटना का पता चलते ही पुलिस अलर्ट हो गई थी।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। ये टीमें बरामद की गई संदिग्ध गाड़ी के रजिस्ट्रेशन और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।
